रांची। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की ओर से जेटेट (JTET) के आयोजन के लिए अतिरिक्त समय देने के आग्रह को झारखंड हाईकोर्ट ने स्वीकार कर लिया है। अब राज्य में 1 नवंबर को जेटेट परीक्षा आयोजित की जाएगी।

जेटेट के आयोजन को लेकर दायर अवमानना याचिका पर जस्टिस आनंद सेन की अदालत में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान जैक की ओर से अधिवक्ता कृष्ण मुरारी ने बोर्ड के निर्णय की जानकारी अदालत को दी।

1 नवंबर को परीक्षा कराने की मिली अनुमति

अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि जैक बोर्ड ने 1 नवंबर को जेटेट आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए अदालत से अनुमति मांगी गई, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया।मामले की अगली सुनवाई के लिए अदालत ने 6 नवंबर की तारीख निर्धारित की है।

पिछली सुनवाई में जताई थी नाराजगी

इससे पहले हुई सुनवाई में हाईकोर्ट ने अदालत के आदेश के अनुरूप तय समय पर जेटेट का आयोजन नहीं होने पर नाराजगी जताई थी। कोर्ट ने मामले में संबंधित विभाग के सचिव को शोकॉज नोटिस भी जारी किया था।

गौरतलब है कि वर्ष 2016 के बाद से झारखंड में जेटेट परीक्षा का आयोजन नहीं हुआ है। अब हाईकोर्ट की अनुमति के बाद 1 नवंबर को परीक्षा कराने का रास्ता साफ हो गया है।