पलामू। बहन की शादी में शामिल होने के लिए घर लौटने की चाहत एक 23 वर्षीय युवक के लिए मुसीबत बन गई। पलामू के हुसैनाबाद का रहने वाला शशि कुमार पासवान पिछले करीब तीन महीने से दुबई की जेल में बंद है। परिवार का आरोप है कि घर वापस भेजने का भरोसा देकर एक दलाल ने उसे अपने जाल में फंसा लिया। अब बेटे की रिहाई के लिए परेशान पिता ने हुसैनाबाद थाना प्रभारी से मदद की गुहार लगाई है।
2025 में नौकरी के लिए गया था दुबई
हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के दादरा गांव (दंगवार) निवासी ललन पासवान ने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर अपने पुत्र शशि कुमार पासवान की दुबई की जेल से रिहाई में मदद करने का अनुरोध किया है। आवेदन के अनुसार, शशि वर्ष 2025 में एक कंपनी में अनुबंध पर काम करने के लिए दुबई गया था।
इसी बीच हुसैनाबाद में उसकी छोटी बहन की शादी 26 जून 2026 को तय हुई। बहन की शादी में शामिल होने के लिए शशि घर लौटना चाहता था। इसी दौरान कथित तौर पर उसका संपर्क एक दलाल से हुआ।
घर भेजने का भरोसा, फिर जेल पहुंच गया युवक
परिवार का आरोप है कि दलाल ने शशि को घर भेजने का भरोसा दिया और उससे पैसे भी लिए। हालांकि, बाद में प्रशासन की कार्रवाई के दौरान दलाल के साथ शशि भी दुबई की जेल में बंद हो गया।
बेटे के विदेश की जेल में बंद होने की खबर से परिवार की चिंता बढ़ गई है। जिस घर में बेटी की शादी की तैयारियां होनी थीं, वहां अब बेटे की रिहाई को लेकर परिवार परेशान है। पिता ने थाना प्रभारी से मामले में आवश्यक पहल कर बेटे की घर वापसी में मदद की मांग की है।
पत्नी का दावा- टेलीग्राम मामले में फंसाया गया
शशि की पत्नी सुमित्रा ने फोन पर बताया कि उनके पति ने उन्हें जानकारी दी है कि दलाल ने उन्हें टेलीग्राम से जुड़े एक मामले में फंसा दिया है। उनके अनुसार, शशि पिछले करीब तीन महीने से जेल में बंद है।
हालांकि, युवक की गिरफ्तारी के वास्तविक कारण, मामले की कानूनी स्थिति और उसकी रिहाई की संभावनाओं की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।
थाना प्रभारी ने कहा- एसपी को भेजी जाएगी रिपोर्ट
हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि युवक नौकरी के सिलसिले में दुबई गया था और बहन की शादी में शामिल होने के लिए वापस आना चाहता था। इसी दौरान उसका संपर्क दुबई में एक दलाल से हुआ।
थाना प्रभारी के अनुसार, पहले दलाल जेल गया और बाद में संबंधित युवक भी जेल चला गया। पूरे मामले में रिपोर्ट तैयार कर पलामू एसपी को भेजी जाएगी। परिजनों को भी उचित स्थान पर आवेदन देने और संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

