चाईबासा। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में गाड़ी दिलाने के नाम पर ग्राहकों से कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। चाईबासा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गितीलीपी चौक स्थित शंकराचार्य मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड के दो कर्मचारियों पर ग्राहकों से लाखों रुपये वसूलने और कंपनी के साथ हेराफेरी करने का आरोप लगा है।
कंपनी के प्रतिनिधि महेश कुमार चौहान के आवेदन पर मुफस्सिल थाना पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेल्स मैनेजर और सेल्स पर्सन पर लगे आरोप
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के बांंकुरा जिले के जामियारा निवासी विदेश राय कंपनी में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत था। वहीं, सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर निवासी अभिषेक कुमार सिंह सेल्स पर्सन के रूप में काम करता था।
आरोप है कि दोनों कर्मचारियों ने मिलकर ग्राहकों को गाड़ी उपलब्ध कराने के नाम पर उनसे रुपये वसूले। साथ ही, कंपनी के साथ भी हेराफेरी की गई।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
कंपनी की ओर से शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अब पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और रुपये के लेनदेन की जांच कर रही है।फिलहाल आरोपों की जांच जारी है। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

