लातेहार। जिले के बालूमाथ प्रखंड अंतर्गत बिशुनपुर जंगल के चंदा बांध के पास बुधवार शाम एक जंगली हाथी का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि हाथी की मौत एक-दो दिन पहले हुई होगी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

मवेशी चराने गए चरवाहों ने देखा शव

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम जंगल में मवेशी चराने गए चरवाहों की नजर जमीन पर पड़े हाथी पर पड़ी। हाथी को देखकर वे पहले डर गए, लेकिन आसपास से आ रही तेज दुर्गंध के बाद उन्हें उसके मृत होने का पता चला।

इसके बाद चरवाहों ने इसकी सूचना स्थानीय जनप्रतिनिधियों और वन विभाग के अधिकारियों को दी। लातेहार डीएफओ प्रवेश अग्रवाल के निर्देश पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।

गुरुवार को होगा हाथी का पोस्टमार्टम

लातेहार वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रवेश अग्रवाल ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

उन्होंने बताया कि शाम हो जाने के कारण हाथी का पोस्टमार्टम गुरुवार को कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हाथी की मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। फिलहाल वन विभाग मामले की जांच में जुटा है।

एक महीने पहले भी करंट की चपेट में आई थी हाथी की जान

बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों की मौजूदगी लगातार बनी रहती है। हाथियों के झुंड ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर फसलों और संपत्ति को नुकसान पहुंचाते रहे हैं।

बताया गया कि करीब एक महीने पहले भी क्षेत्र में एक जंगली हाथी की करंट लगने से मौत हुई थी। आरोप था कि फसल को हाथियों से बचाने के लिए एक ग्रामीण ने घर के आसपास बिजली के नंगे तार लगाए थे, जिसकी चपेट में आने से हाथी की मौत हो गई थी।

अब एक बार फिर जंगली हाथी का शव मिलने के बाद वन विभाग के सामने उसकी मौत के कारणों का पता लगाने की चुनौती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।