रामगढ़। रामगढ़ के भुरकुंडा में सीबीआई रांची की टीम ने बुधवार को सीसीएल के सौंदा डी कार्यालय में पदस्थ कार्यालय अधीक्षक (लिपिक) अभय कुमार बख्शी को कथित तौर पर 20 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। सीबीआई टीम ने यह कार्रवाई शिकायत के आधार पर की। आरोपी के पास से रिश्वत की रकम उसकी मोटरसाइकिल की डिक्की से बरामद की गई।
सुबह से निगरानी, दोपहर में हुई गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, सीबीआई की टीम बुधवार सुबह करीब 10 बजे से ही सौंदा डी कार्यालय के आसपास निगरानी कर रही थी। दोपहर करीब 1:20 बजे टीम ने अभय कुमार बख्शी को पकड़ लिया।
बताया गया कि सीसीएलकर्मी स्वर्गीय रीना नायक के पति गंगाधर प्रधान ने मामले की शिकायत की थी। आरोप है कि कार्यालय के बाहर गंगाधर प्रधान से पैसे लेने के बाद बख्शी ने रकम अपनी बाइक की डिक्की में रख दी। इसके बाद सीबीआई ने उसे पकड़ लिया और डिक्की से 20 हजार रुपये बरामद किए।
CMPF और नौकरी की प्रक्रिया के नाम पर मांगी गई थी रकम
सीबीआई टीम के मुताबिक, शिकायतकर्ता से सीएमपीएफ की राशि और नौकरी से संबंधित प्रक्रिया आगे बढ़ाने के नाम पर पैसे मांगे गए थे। रीना नायक की करीब पांच वर्ष पहले मौत हो चुकी है। इसके बाद उनके पति सीएमपीएफ की राशि और नौकरी से जुड़ी प्रक्रिया पूरी कराने के लिए लंबे समय से कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे।
आवास और कार्यालय में भी जांच
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम अभय कुमार बख्शी को पूछताछ के लिए भुरकुंडा रेस्ट हाउस ले गई। वहीं, दूसरी टीम सेंट्रल सौंदा स्थित उसके आवास पर पहुंची और तलाशी ली।
करीब 15 सदस्यीय टीम ने पीओ कार्यालय से भी कई दस्तावेज अपने कब्जे में लिए। मामले में कार्यालय के दो-तीन अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई। देर शाम तक सीबीआई की कार्रवाई और पूछताछ जारी रही।
सीसीएल के बरका-सयाल क्षेत्र में फिर सामने आया रिश्वत का मामला
सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद सीसीएल के बरका-सयाल क्षेत्र में रिश्वतखोरी को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं। इससे पहले भी इस क्षेत्र में रिश्वत से जुड़े मामलों में कई लोगों के पकड़े जाने की बात सामने आती रही है। ताजा कार्रवाई के बाद संबंधित कार्यालयों में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

