बोकारो। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बोकारो जिले के दौरे के दौरान निर्माणाधीन कसमार-बरलंगा मुख्य सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क निर्माण कार्य की प्रगति और मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन करते हुए क्षेत्र में आवागमन की स्थिति और सड़क की उपयोगिता की जानकारी ली। वापसी के क्रम में उन्होंने सेवाती घाटी का भी निरीक्षण किया और वहां की भौगोलिक स्थिति तथा सड़क मार्ग का जायजा लिया।
सड़क निर्माण पूरा होने से लोगों को मिलेगी राहत
कसमार-बरलंगा मुख्य सड़क क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसके निर्माण का काम पूरा होने के बाद आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है। बेहतर सड़क संपर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार समेत अन्य जरूरी सेवाओं तक लोगों की पहुंच आसान होगी। साथ ही क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण की प्रगति के साथ-साथ स्थानीय आवागमन की परिस्थितियों की भी जानकारी ली।
तीनकोनिया चौक पर रुके हेमंत सोरेन, चाय-पकौड़ी का लिया स्वाद
सड़क निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कसमार के तीनकोनिया चौक स्थित एक स्थानीय दुकान पर पहुंचे। यहां उन्होंने विधायक कल्पना सोरेन के साथ बैठकर गरमा-गरम चाय और पकौड़ी का स्वाद लिया।
मुख्यमंत्री और विधायक को अचानक अपने बीच देखकर स्थानीय लोग उत्साहित नजर आए। दोनों ने सहज माहौल में लोगों से बातचीत की और उनका हालचाल जाना।
स्थानीय लोगों से आत्मीयता से मिले मुख्यमंत्री
तीनकोनिया चौक पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर क्षेत्र की स्थिति, जनजीवन और बुनियादी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। विधायक कल्पना सोरेन ने भी लोगों से संवाद किया। मुख्यमंत्री और विधायक के साथ मुलाकात को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने उनसे मिलकर प्रसन्नता व्यक्त की।

