हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही चौक पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला और उसके चार वर्षीय बेटे की मौत हो गई। दशहरा मनाकर मायके से ससुराल लौट रही महिला अपने बच्चों के साथ सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान वह छोटे बेटे को लेने वापस लौटी और तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आ गई। हादसे में मां और बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान बिहार के बाराचट्टी स्थित केवालिया मोड़ निवासी दिनेश कुमार सिंह की पत्नी उर्मिला देवी और उनके चार वर्षीय बेटे दीपांशु कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मां और भाई को खो चुके तीन छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था।
दशहरा मनाकर मायके से लौट रही थी महिला
जानकारी के मुताबिक, उर्मिला देवी अपने चार बच्चों शिवानी कुमारी, शुभम कुमार, सत्यम कुमार और दीपांशु कुमार के साथ टाटीझरिया के खैराकरमा गांव स्थित मायके में दशहरा मनाने गई थीं। बुधवार को वह बच्चों के साथ वापस अपने ससुराल लौट रही थीं।
बरही चौक पर उर्मिला अपने तीन बच्चों शिवानी, शुभम और सत्यम के साथ सड़क पार कर गईं। दूसरी तरफ पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि चार वर्षीय दीपांशु पीछे ही रह गया है।
छोटे बेटे को लेने वापस लौटी मां
बेटे को सड़क के दूसरी ओर अकेला देखकर उर्मिला ने अपने तीनों बच्चों को एक तरफ रुकने के लिए कहा और दीपांशु को लेने वापस चली गईं। इसके बाद वह बेटे को लेकर सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान दोनों एक ट्रेलर की चपेट में आ गए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि उर्मिला और दीपांशु की मौके पर ही मौत हो गई।
सड़क पर बिखरा था बच्चे का खिलौना, बिलखते रहे तीनों मासूम
हादसे के बाद सड़क पर बच्चे का खिलौना बिखरा पड़ा था। मौके का यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो उठे। मां और भाई को खो चुके तीनों बच्चे लगातार रो रहे थे।
मासूम बार-बार पुलिस और आसपास मौजूद लोगों से पूछ रहे थे कि उनकी मां और भाई को कहां ले जाया गया है। बच्चों को रोता देख लोगों की आंखें नम हो गईं। आसपास के लोग उन्हें संभालने और ढांढस बंधाने में जुटे रहे।
पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बिनोद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरही पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया और घटना की जानकारी परिजनों को दी।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद बरही चौक पर सड़क अतिक्रमण के खिलाफ भी अभियान चलाया गया।

