रांची। दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए झारखंड पुलिस मुख्यालय ने कमर कस ली है। पूजा के दौरान भीड़ नियंत्रण, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का फैसला लिया गया है। संशोधित आदेश के तहत यह व्यवस्था 14 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक प्रभावी रहेगी।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश में रांची, पलामू, बोकारो, हजारीबाग, दुमका और चाईबासा क्षेत्रों में प्रशिक्षित लाठी बल तथा अन्य जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा 50 जवानों को रिजर्व में रखा जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें तुरंत तैनात किया जा सके।
कहां कितने जवानों की हुई तैनाती?
पुलिस मुख्यालय के आदेश के अनुसार, विभिन्न क्षेत्रों में बलों की तैनाती इस प्रकार की गई है।
- रांची क्षेत्र: जैप-6 के 50 प्रशिक्षित लाठी बल तैनात किए गए हैं।
- पलामू क्षेत्र: जैप-1 के 50 लाठी बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
- बोकारो क्षेत्र: जैप-6 के 50 प्रशिक्षित लाठी बल तैनात रहेंगे।
- हजारीबाग क्षेत्र: एसआईआरबी-2 के 50 लाठी बल की तैनाती की गई है।
- दुमका क्षेत्र: जैप-1 की आरएपी-5 कंपनी को अस्थायी कैंप के साथ तैनात किया गया है।
- चाईबासा क्षेत्र: जैप-6 के 50 प्रशिक्षित लाठी बल प्रतिनियुक्त किए गए हैं।
जैप-1 डोरंडा में रिजर्व रहेंगे 50 जवान
पुलिस मुख्यालय, रांची के नियंत्रण में 50 मुख्यालय लाठी बल को रिजर्व के तौर पर रखा गया है। इन जवानों का अस्थायी कैंप रांची के डोरंडा स्थित जैप-1 परिसर में बनाया जाएगा।
इसके अलावा हजारीबाग जिले में एसपी के नियंत्रण में एसआईआरबी-2 के 50 लाठी बल उपलब्ध रहेंगे। निर्धारित अवधि के दौरान जरूरत के मुताबिक इन बलों का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
14 से 23 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा आदेश
पुलिस मुख्यालय के संशोधित आदेश के मुताबिक, अतिरिक्त बलों की प्रतिनियुक्ति 14 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक रहेगी। इस दौरान संबंधित क्षेत्र के अधिकारी जरूरत के अनुसार जवानों की तैनाती कर सकेंगे।
दुर्गा पूजा के दौरान पूजा पंडालों, प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। अतिरिक्त बलों की तैनाती से भीड़ नियंत्रण और किसी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

