गुमला। जिले के घाघरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। नवडीहा पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने स्कूटी सवार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।मृतकों की पहचान घाघरा निवासी राज लोहरा और टांगर सिकवार निवासी दुर्गेश ठाकुर के रूप में हुई है।

पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा

ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों युवक स्कूटी से घाघरा से नवडीहा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नवडीहा पेट्रोल पंप के समीप मोड़ पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत मौके से भाग निकला।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

घटना की जानकारी मिलते ही घाघरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटना में शामिल वाहन की तलाश की जा रही है।

ग्रामीणों को बॉक्साइट ट्रक होने का शक

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने आशंका जताई कि स्कूटी को टक्कर मारने वाला वाहन बॉक्साइट ट्रक हो सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बॉक्साइट की ढुलाई करने वाले भारी वाहनों की आवाजाही अधिक है और कई वाहन तेज रफ्तार से चलते हैं।ग्रामीणों ने भारी वाहनों की नियमित जांच और तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग की है।

कुछ महीने बाद होनी थी दोनों युवकों की शादी

हादसे ने दोनों परिवारों को गहरा सदमा दिया है। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों युवकों की शादी कुछ महीने बाद होने वाली थी। दुर्गेश ठाकुर का 24 अक्टूबर को तिलक कार्यक्रम होना था। शादी की तैयारियों के बीच परिवार को उसकी मौत की खबर मिली, जिसके बाद घर में मातम छा गया।

दो दिन में तीन युवकों की मौत से बढ़ी चिंता

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले दो दिनों में सड़क दुर्घटनाओं में तीन युवकों की जान जा चुकी है। लगातार हो रहे हादसों से ग्रामीणों में चिंता के साथ आक्रोश भी है।

लोगों का कहना है कि सिर्फ दोपहिया वाहन चालकों की हेलमेट जांच से सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लग सकती। भारी वाहनों की भी नियमित जांच जरूरी है।

ग्रामीणों ने उठाए बॉक्साइट ट्रकों की जांच पर सवाल

ग्रामीणों ने प्रशासन से बॉक्साइट ट्रकों के कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस और चालकों की स्थिति की जांच नियमित रूप से कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि रात के समय कुछ चालक नशे की हालत में वाहन चलाते हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार खलासी भी ट्रक चलाते हैं।हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

उपायुक्त से कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने उपायुक्त गुमला से भारी वाहनों और विशेष रूप से बॉक्साइट ट्रकों की नियमित जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि लगातार हो रहे सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।पुलिस का कहना है कि वाहन जांच अभियान के साथ लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।