चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में मोबाइल दुकान में हुई बड़ी चोरी के मामले में पुलिस को सफलता मिली है। रेशमी इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान का शटर उठाकर 52 मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में पुलिस ने बिहार के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी के 21 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

नेपाल से गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी

सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चक्रधरपुर डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी ने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों को नेपाल से पकड़ा है। दुकान से 52 मोबाइल फोन चोरी होने की घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी थी। कार्रवाई के दौरान आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।

कई राज्यों में सक्रिय रहा है गिरोह

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का गिरोह दुकानों के शटर काटकर या उठाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए कुख्यात है। यह गिरोह हरियाणा, राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात समेत कई राज्यों में सक्रिय रहा है।

21 चोरी के मोबाइल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के 21 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दुकान से चोरी हुए शेष मोबाइल फोन की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।