रांची। झारखंड के मांडर प्रखंड में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक मुड़मा जतरा मेले को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। 27 और 28 अक्टूबर को होने वाले इस मेले में लाखों श्रद्धालुओं और लोगों के पहुंचने की संभावना है। भीड़ को नियंत्रित करने, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। पूरे मेला क्षेत्र पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी, जबकि 21 गश्ती दल लगातार निगरानी करेंगे।
चार सेक्टरों में बांटा गया मेला क्षेत्र
प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को चार सेक्टरों में विभाजित किया है। प्रत्येक सेक्टर में पुलिस अधिकारियों के साथ पुरुष और महिला लाठी बल की तैनाती होगी। 26 अक्टूबर की सुबह से मेला समाप्त होने तक विशेष नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय रहेगा, जहां दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे।
मेले की गतिविधियां 26 अक्टूबर की दोपहर से शुरू होने की संभावना को देखते हुए अधिकारियों और पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति पहले ही कर दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी ग्रामीण एसपी और सदर अनुमंडल पदाधिकारी करेंगे।
ड्रोन-CCTV से निगरानी, 21 गश्ती दल सक्रिय
मेले में भीड़ और गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन तथा सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। मेला परिसर और आसपास के रास्तों पर निगरानी के लिए 21 गश्ती दल बनाए गए हैं। ये दल मोटरसाइकिल और चारपहिया वाहनों से लगातार गश्त करेंगे।
प्रशासन ने असामाजिक तत्वों, छेड़खानी करने वालों और अफवाह फैलाने वालों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया है। पूर्व में नक्सलियों द्वारा पुलिस बल को निशाना बनाए जाने की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा बलों को भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
आपात स्थिति के लिए रैपिड एक्शन पुलिस और बम निरोधक दस्ता अलर्ट
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रैपिड एक्शन पुलिस, हिट टीम और बम निरोधक एवं निष्क्रियकरण दस्ता अलर्ट पर रहेंगे। इसके अलावा मेला परिसर में वाटर कैनन, आंसू गैस दस्ता और अग्निशमन विभाग की दो बड़ी गाड़ियां तैनात रहेंगी।
स्वास्थ्य सेवाओं के लिए चिकित्सकों की टीम के साथ चार एंबुलेंस उपलब्ध रहेंगी। वहीं, सेंट्रल यूनिवर्सिटी, ब्रांबे के गेस्ट हाउस को सुरक्षित आश्रय स्थल के रूप में चिह्नित किया गया है। वहां भी सशस्त्र बलों की तैनाती रहेगी।
आठ प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती
मेले में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए रांची-मांडर मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। काठीटांड़ चौक, मुड़मा चौक और तिलता चौक समेत आठ प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त यातायात पुलिस तैनात रहेगी।
वाहनों की पार्किंग के लिए आठ अलग-अलग स्थल निर्धारित किए गए हैं। मुख्य मार्गों पर अनधिकृत वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए ड्रॉप गेट और बैरिकेडिंग भी की जाएगी।
सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने पर विशेष जोर
मुड़मा जतरा मेले में पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों और आसपास के संवेदनशील स्थलों को देखते हुए प्रशासन ने विधि-व्यवस्था तथा सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने पर विशेष जोर दिया है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक की ओर से इस संबंध में संयुक्त आदेश जारी किया गया है।
सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों और जवानों को निर्धारित समय पर ड्यूटी संभालने तथा मेला समाप्त होने तक सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।

