बड़गड़ (गढ़वा)। कभी माओवादियों का गढ़ रहे बूढ़ा पहाड़ की तलहटी में स्थित तुरेर गांव के समीप जंगल से सुरक्षाबलों ने मंगलवार को दो गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। सीआरपीएफ और बड़गड़ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने वरीय अधिकारियों के निर्देश पर मिली सूचना के आधार पर जंगल में छापेमारी अभियान चलाया था। दुर्गम इलाके में सिलेंडर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

सूचना के आधार पर जंगल में चलाया अभियान

बड़गड़ थाना प्रभारी राजेश वर्मा के अनुसार, सूचना मिलने के बाद सीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने तुरेर गांव के समीप जंगल में सावधानीपूर्वक तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान जंगल के अंदर से दो गैस सिलेंडर बरामद हुए।

सुरक्षा के मद्देनजर दोनों सिलेंडरों को सुरक्षित कब्जे में लेकर टीम अपने साथ ले गई है।

सिलेंडर किसके और जंगल में क्यों रखे गए, जांच जारी

पुलिस के अनुसार, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बरामद दोनों गैस सिलेंडर किसके हैं और उन्हें जंगल में किस उद्देश्य से रखा गया था। सुरक्षाबल बरामद सिलेंडरों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।

बूढ़ा पहाड़ क्षेत्र पूर्व में माओवादी गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। ऐसे में दुर्गम जंगल में संदिग्ध सामान मिलने के बाद सुरक्षा बल मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटे हैं।