रांची। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को रांची में युवा कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने SIR के जरिए मतदाता सूची से बड़ी संख्या में लोगों के नाम हटाए जाने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। इस दौरान कार्यालय के बोर्ड और दीवार पर वॉल स्प्रे से ‘वोट चोर ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ लिखा गया। बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए।

CEO कार्यालय में घुसने की कोशिश, पुलिस से हुई तीखी नोकझोंक

रांची महानगर यूथ कांग्रेस अध्यक्ष गौरव सिंह के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के गेट को जबरन खोलकर अंदर जाने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने पहले से बैरिकेडिंग कर रखी थी, जिसके कारण प्रदर्शनकारी कार्यालय के भीतर नहीं जा सके। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ के नारे लगाए और उनका पुतला भी फूंका।

सुबोधकांत सहाय भी पहुंचे, बोले- आंदोलन आगे भी जारी रहेगा

प्रदर्शनकारी यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की भूमिका और SIR के जरिए मतदाता सूची में नाम हटाए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उनके मुताबिक, इसी वजह से युवा कांग्रेस ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है।

सुबोधकांत सहाय ने कहा कि यह मुद्दा अब जन आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने दिल्ली में विपक्षी दलों के सांसदों के आंदोलन का भी जिक्र किया और कहा कि रांची में शुरू हुआ यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

SIR को लेकर देशभर में बढ़ा सियासी टकराव

SIR और मतदाता सूची में बदलाव को लेकर विपक्षी दल लगातार चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। झारखंड में भी कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल पहले से ही इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं।