Ranchi News: झारखंड के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रांची होकर सांतरागाछी और राजस्थान के खातीपुरा के बीच नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का नियमित परिचालन 4 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। इस ट्रेन के शुरू होने से रांची सहित मार्ग के अन्य स्टेशनों के यात्रियों को उत्तर प्रदेश और राजस्थान की ओर जाने के लिए रेल यात्रा का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

हर बुधवार सांतरागाछी से चलेगी ट्रेन

ट्रेन संख्या 18061 सांतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस 4 नवंबर से प्रत्येक बुधवार को सांतरागाछी से दोपहर 2:15 बजे रवाना होगी। ट्रेन रात 10:50 बजे रांची पहुंचेगी और 11:05 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी। इसके बाद लोहरदगा, टोरी, डालटनगंज और गढ़वा रोड होते हुए अगले दिन गुरुवार रात 11 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।

शुक्रवार को खातीपुरा से होगी वापसी

वापसी में ट्रेन संख्या 18062 खातीपुरा-सांतरागाछी एक्सप्रेस 6 नवंबर से प्रत्येक शुक्रवार को सुबह 9:15 बजे खातीपुरा से रवाना होगी। यह ट्रेन शनिवार सुबह 10:45 बजे रांची पहुंचेगी और 11 बजे आगे के लिए रवाना होगी। इसके बाद मूरी, पुरुलिया, चांडिल, टाटानगर और खड़गपुर होते हुए शनिवार शाम 7:45 बजे सांतरागाछी पहुंचेगी।

रांची समेत इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

सांतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस का ठहराव खड़गपुर, टाटानगर, चांडिल, पुरुलिया, मूरी, रांची, लोहरदगा, टोरी, डालटनगंज, गढ़वा रोड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज, कानपुर, टूंडला, ईदगाह आगरा और दौसा स्टेशनों पर होगा। वापसी में भी ट्रेन इन प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी।

22 कोच के साथ चलेगी एक्सप्रेस

नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे। इनमें एक वातानुकूलित प्रथम श्रेणी, दो वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, चार वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और दो वातानुकूलित तृतीय श्रेणी इकोनॉमी कोच शामिल हैं। इसके अलावा छह स्लीपर, चार सामान्य श्रेणी, एक रसोई यान, एक एसएलआरडी और एक जनरेटर यान का कोच होगा।नई ट्रेन के शुरू होने से झारखंड, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के बीच रेल संपर्क को मजबूती मिलने की उम्मीद है।