Jharkhand Top News: झारखंड में बुधवार को अपराध, खेल, राजनीति और प्रशासन से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आईं। जमशेदपुर में रेस्टोरेंट फायरिंग के आरोपितों के साथ पुलिस की मुठभेड़ से लेकर रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी20 मुकाबले की तैयारियों तक, दिनभर की प्रमुख खबरों पर डालें एक नजर…

  1. जमशेदपुर में पुलिस एनकाउंटर, फायरिंग करने वाले 2 शूटर घायल

जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बुधवार तड़के बड़ी कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, हथियार बरामद कराने के दौरान पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले दो आरोपित शूटर अजीत मंडल और मोहन यादव जवाबी कार्रवाई में घायल हो गए।

दोनों के पैर में गोली लगी है। मुठभेड़ मरीन ड्राइव स्थित फागु बाबा श्मशान घाट के पास करीब साढ़े तीन बजे हुई। पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

  1. रांची पहुंची भारत-वेस्टइंडीज की टीमें, 9 अक्टूबर को होगा T20 मुकाबला

रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को होने वाले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले का काउंटडाउन शुरू हो गया है। बुधवार को दोनों टीमों के खिलाड़ी रांची पहुंच गए।

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों के पहुंचते ही राजधानी में क्रिकेट का उत्साह और बढ़ गया। जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद भारतीय और वेस्टइंडीज टीम अलग-अलग बसों से अपने होटल के लिए रवाना हुईं। खिलाड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए एयरपोर्ट से होटल तक पूरे रूट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई।

  1. 10 लाख के इनामी माओवादी रामप्रसाद लकड़ा को कोर्ट ने ठहराया दोषी

गुमला। चैनपुर थाना क्षेत्र के चर्चित नक्सली मामले में अदालत ने 10 लाख रुपये के इनामी हार्डकोर माओवादी और जोनल कमांडर रामप्रसाद लकड़ा उर्फ अशोक उर्फ प्रसाद लकड़ा को दोषी करार दिया है।

जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-3 भूपेश कुमार की अदालत ने सत्र वाद संख्या 139/2016 में फैसला सुनाते हुए उसे आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-ए), 26(2), 35 और 17 सीएलए एक्ट के तहत दोषी माना। अदालत ने सजा के बिंदु पर सुनवाई के लिए 13 अक्टूबर की तारीख तय की है।

  1. रांची T20 के लिए खास तैयारी, खिलाड़ियों को परोसा जाएगा झारखंडी स्वाद

रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को होने वाले टी20 मुकाबले को लेकर राजधानी में तैयारियां अंतिम दौर में हैं। दोनों टीमें बुधवार को रांची पहुंचीं और खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था रेडिशन ब्लू होटल में की गई है।

खिलाड़ियों के लिए होटल में खास फूड मेन्यू तैयार किया गया है। इसमें फिटनेस और डाइट को ध्यान में रखते हुए भारतीय, कॉन्टिनेंटल और वेस्टर्न व्यंजनों के साथ झारखंड के पारंपरिक पकवान भी शामिल किए गए हैं।

  1. CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, रांची में कांग्रेस का प्रदर्शन

रांची। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को रांची में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस, रांची ग्रामीण कांग्रेस और महिला कांग्रेस के संयुक्त नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय के समक्ष प्रदर्शन किया और CEC ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका।कांग्रेस नेताओं ने SIR को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए और आंदोलन को आगे भी जारी रखने की बात कही।

  1. वियतनाम हादसे में जान गंवाने वाले राजा कुमार के परिवार को 5 लाख की मदद

रांची। वियतनाम में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले कैलास नगर निवासी स्व. राजा कुमार वर्मा के आश्रितों को झारखंड सरकार ने 5 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की है।

यह राशि ‘मुख्यमंत्री झारखंड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान’ योजना के तहत दी गई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव और राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने दिवंगत के परिजनों को सहायता राशि सौंपी। राजा कुमार वर्मा वियतनाम में योग प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत थे और 25 सितंबर को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान उनका निधन हो गया था।

  1. रांची T20 टिकट सबसे महंगा, लखनऊ से 1201 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे

रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज के मुकाबलों के बीच 9 अक्टूबर को रांची में होने वाले मैच के टिकट की कीमत चर्चा में है। शुरुआती टिकट दर की तुलना करें तो रांची में दर्शकों को लखनऊ के मुकाबले ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है।

6 अक्टूबर को लखनऊ में खेले गए पहले टी20 मुकाबले के लिए टिकट की शुरुआती कीमत 399 रुपये थी, जबकि रांची में 9 अक्टूबर के मुकाबले का सबसे सस्ता टिकट 1600 रुपये है। यानी शुरुआती टिकट की तुलना में रांची में दर्शकों को 1201 रुपये अधिक खर्च करने होंगे।