Jharkhand Top News :झारखंड में बुधवार का दिन कई बड़ी और अहम खबरों से भरा रहा। पलामू में करम डाली विसर्जन के दौरान अलग-अलग हादसों में 6 लोगों की डूबने से मौत हो गई, वहीं गढ़वा में मैजिक वैन के पुल से टकराने से 2 लोगों की जान चली गई। दूसरी ओर, भाजपा ने छत्तीसगढ़ के दो नेताओं को झारखंड और गुजरात की संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है। झारखंड हाईकोर्ट को तीन नए न्यायाधीश मिले हैं। बेनीडीह मुठभेड़ मामले की जांच अब NHRC करेगा, जबकि घाटशिला में मां की हत्या के मामले ने सनसनी फैला दी है। उधर, दशहरा, दीपावली और छठ से पहले रांची आने वाली फ्लाइट्स के किराए में भारी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। पढ़िए झारखंड की दिनभर की 7 बड़ी खबरें एक नजर में…
- पलामू में करम पूजा की खुशियां मातम में बदलीं, करम डाली विसर्जन के दौरान 6 की डूबने से मौत
पलामू। करम पूजा के दौरान अलग-अलग हादसों में छह लोगों की जान चली गई। चैनपुर के बोकया गांव में कोयल नदी में करम डाली विसर्जन के दौरान पांच बच्चों की डूबने से मौत हो गई। वहीं पाटन थाना क्षेत्र के नानी झरिया में करम डाल बहाने के दौरान 15 वर्षीय किशोरी की डूबने से मौत हो गई। हादसों के बाद दोनों इलाकों में मातम पसरा हुआ है।
- गढ़वा में मैजिक वैन पुल से टकराई, छत्तीसगढ़ के 2 लोगों की मौत; 3 गंभीर
गढ़वा। रमना थाना क्षेत्र के परसवान गांव के पास बुधवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। स्टेयरिंग फेल होने के बाद एक मैजिक वैन अनियंत्रित होकर पुल से जा टकराई। हादसे में वैन सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। वैन में कुल 12 लोग सवार थे।
- छत्तीसगढ़ की गोमती साय को गुजरात की जिम्मेदारी, सौरभ सिंह बने झारखंड के सह-प्रभारी
रांची। भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए छत्तीसगढ़ के दो नेताओं को दूसरे राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी है। पत्थलगांव विधायक गोमती साय को गुजरात का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं अकलतरा के पूर्व विधायक सौरभ सिंह को झारखंड का सह-प्रभारी बनाया गया है।
- झारखंड हाई कोर्ट को मिले 3 नए जज, चीफ जस्टिस एमएस सोनक ने दिलाई शपथ
रांची। झारखंड हाई कोर्ट में बुधवार को तीन नए न्यायाधीशों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। चीफ जस्टिस एमएस सोनक ने जस्टिस मनोज प्रसाद, जस्टिस अखिल कुमार और जस्टिस राम शर्मा को शपथ दिलाई। इनमें मनोज प्रसाद और राम शर्मा ने अंग्रेजी, जबकि अखिल कुमार ने हिंदी में शपथ ली।
- बेनीडीह मुठभेड़ मामले की अब NHRC करेगा जांच, 22 सितंबर को धनबाद पहुंचेगी टीम
धनबाद। BCCL की बेनीडीह परियोजना में सितंबर 2022 में CISF के साथ हुई मुठभेड़ में चार युवकों की मौत के चर्चित मामले की जांच अब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) करेगा। करीब चार साल पुराने मामले की पड़ताल के लिए आयोग की टीम धनबाद पहुंचेगी। टीम मृतकों के परिजनों, घायलों, प्रत्यक्षदर्शियों और तत्कालीन पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों से जानकारी जुटाएगी।
- मामूली विवाद में मां की हत्या, शव को 3 दिन कमरे में छिपाए रखा; बेटे को पुलिस ने पकड़ा
घाटशिला। काशिदा न्यू कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। आरोप है कि बेटे गोवर्धन गोस्वामी ने अपनी मां उमा गोस्वामी की हत्या कर शव को घर के कमरे में तीन दिनों तक छिपाकर रखा। सोमवार रात घर से दुर्गंध आने के बाद पड़ोसियों को शक हुआ और मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।
- दशहरा-दीपावली-छठ पर सफर होगा महंगा, रांची की कई फ्लाइट्स का किराया 25 हजार के पार
रांची। त्योहारों पर घर लौटने की तैयारी कर रहे यात्रियों को इस बार सफर के लिए ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ सकती है। ट्रेनों में सीटों की कमी के बीच रांची आने वाली कई फ्लाइट्स का किराया भी तेजी से बढ़ा है। कुछ रूट पर टिकट की कीमत 25 हजार रुपये से ज्यादा पहुंच गई है। त्योहार नजदीक आने के साथ किराए में और बदलाव देखने को मिल सकता है।



