रांची। झारखंड में सोमवार का दिन अदालत, अपराध और सुरक्षा से जुड़ी कई अहम खबरों के नाम रहा। बड़गाईं जमीन मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की याचिका खारिज होने के बाद अब 24 सितंबर को आरोप तय करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। वहीं कोयला क्षेत्रों में चोरी, अवैध खनन और अवैध ढुलाई पर रोक लगाने के लिए CISF ने निगरानी बढ़ाने की रणनीति तैयार की है। दूसरी ओर झारखंड हाईकोर्ट को तीन नए न्यायाधीश मिलने जा रहे हैं। धनबाद के वासेपुर में दिनदहाड़े फायरिंग और निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस की छापेमारी भी दिनभर सुर्खियों में रही।
- Hemant Soren Case: हेमंत सोरेन की याचिका खारिज, 24 सितंबर को आरोप तय करने की प्रक्रिया
रांची। बड़गाईं अंचल की 8.86 एकड़ जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से दाखिल याचिका को ईडी के विशेष न्यायाधीश योगेश कुमार की अदालत ने खारिज कर दिया। हेमंत सोरेन ने मामले में आरोप तय करने और ट्रायल की कार्यवाही स्थगित करने की मांग की थी।
सोमवार को सिविल कोर्ट में जियो सर्वर डाउन रहने के कारण हेमंत सोरेन की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी नहीं हो सकी। इसके बाद अदालत ने आरोप तय करने के लिए अगली तारीख 24 सितंबर निर्धारित की है।
अदालत ने स्पष्ट किया कि मामले में आगे की जांच जारी रहने से मूल शिकायत पर आरोप तय करने की प्रक्रिया को रोका नहीं जा सकता।
- Jharkhand Coal News: कोयला चोरी पर CISF की कड़ी नजर, ‘जीरो कोल लीकेज पॉलिसी’ के तहत बढ़ेगी निगरानी
रांची/धनबाद। झारखंड के कोयला क्षेत्रों में कोयला चोरी, अवैध खनन और अवैध ढुलाई पर अब CISF की निगरानी और कार्रवाई का दायरा बढ़ाया जाएगा। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ने ‘जीरो कोल लीकेज पॉलिसी’ के तहत अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की रणनीति तैयार की है।
इसके तहत खदानों से कोयला निकलने से लेकर उसकी आवाजाही, चोरी और संभावित अवैध डायवर्जन तक की निगरानी मजबूत की जाएगी। संवेदनशील इलाकों में स्वान दस्ते के साथ ड्रोन और हाईटेक सर्विलांस सिस्टम का इस्तेमाल कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
- Jharkhand High Court: हाईकोर्ट को मिलेंगे 3 नए जज, 23 सितंबर को होगा शपथ ग्रहण
रांची। झारखंड न्यायिक सेवा कैडर के तीन वरिष्ठ न्यायिक अधिकारियों को झारखंड हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। तीनों नवनियुक्त न्यायाधीशों का शपथ ग्रहण समारोह 23 सितंबर 2026 को सुबह 10:15 बजे हाईकोर्ट परिसर के ग्राउंड फ्लोर पर आयोजित होगा।
हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस सोनक तीनों नवनियुक्त न्यायाधीशों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। राजभवन से कार्यक्रम का शेड्यूल तय होने के बाद हाईकोर्ट प्रशासन ने समारोह की तैयारियां शुरू कर दी हैं। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल सत्य प्रकाश सिन्हा ने इसकी आधिकारिक जानकारी दी है।
- Dhanbad Firing: वासेपुर में दिनदहाड़े फायरिंग, गैंगस्टर फहीम खान के भाई समेत 3 को गोली
धनबाद। धनबाद के चर्चित वासेपुर इलाके में सोमवार को दिनदहाड़े गोलीबारी से हड़कंप मच गया। बाइक सवार दो अपराधियों ने भुली मोड़ के पास तीन लोगों को गोली मार दी।
घायलों में गैंगस्टर फहीम खान का भाई सानु खान, छपरा स्टोर का संचालक चंकी और एक महिला शामिल हैं। गोली लगने के बाद तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
- Jamshedpur Murder Case: निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, राघव के ठिकानों पर छापेमारी
जमशेदपुर। चर्चित होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में जुटी पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई तेज की। सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले के मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे अशोक सिंह उर्फ राघव के सोनारी स्थित कार्यालय और अन्य ठिकानों पर छापेमारी की।
पुलिस टीम ने कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों की जांच की। पुलिस के मुताबिक, छापेमारी का उद्देश्य मामले से जुड़े साक्ष्य और महत्वपूर्ण दस्तावेज जुटाना है।
- Dhanbad Court: जयराम महतो समेत तीन के मामले में अभियोजन को गवाह पेश करने का निर्देश
धनबाद। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय अध्यक्ष और डुमरी विधायक जयराम महतो, पार्वती चरण महतो और राथू रजवार के खिलाफ चल रहे मुकदमे की सुनवाई सोमवार को धनबाद के एमपी-एमएलए कोर्ट में हुई।
विशेष न्यायाधीश दुर्गेश चंद्र अवस्थी की अदालत ने मामले में अभियोजन पक्ष को गवाह पेश करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली कार्रवाई अब अभियोजन की ओर से गवाह पेश किए जाने के आधार पर आगे बढ़ेगी।



