Jharkhand Top News: झारखंड में बुधवार का दिन कई अहम घटनाक्रमों के नाम रहा। सैकड़ों करोड़ रुपये के कथित GST फर्जीवाड़े और मनी लॉन्ड्रिंग सिंडिकेट के खिलाफ ED की छापेमारी से लेकर JPSC परीक्षा घोटाले में तीन आरोपियों की जमानत खारिज होने तक कई बड़ी खबरें सामने आईं। वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जुड़े बड़गाईं जमीन मामले में हाईकोर्ट ने ED से जवाब मांगा है, जबकि JPSC-JSSC परीक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर छात्र संगठनों ने सरकार को 18 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम दिया है। दूसरी ओर, झारखंड बंद का पलामू में असर देखने को मिला और एशियन गेम्स में जमशेदपुर की जोगा पूर्ति ने राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम कर प्रदेश का नाम रोशन किया।

  1. सैकड़ों करोड़ के GST फर्जीवाड़े पर ED का बड़ा एक्शन, झारखंड-बंगाल में चार ठिकानों पर छापेमारी

सैकड़ों करोड़ रुपये के कथित GST फर्जीवाड़े और मनी लॉन्ड्रिंग सिंडिकेट से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार सुबह झारखंड और पश्चिम बंगाल में एक साथ कार्रवाई शुरू की। जांच एजेंसी ने चार संदिग्ध ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया।

सूत्रों के मुताबिक, झारखंड के बोकारो में भी ED की टीम ने दबिश दी है। यहां फर्जी कंपनियों और कथित बोगस बिलिंग से जुड़े कारोबारियों के ठिकानों पर दस्तावेजों और अन्य सामग्री की जांच की जा रही है।

  1. JPSC परीक्षा घोटाला: तीन आरोपियों की जमानत खारिज, अदालत ने नहीं दी राहत

JPSC परीक्षा घोटाले और पेपर लीक मामले में अदालत ने तीन आरोपियों की जमानत याचिकाएं खारिज कर दी हैं। अपर न्यायायुक्त प्रथम योगेश कुमार की अदालत ने मंगलवार को TSR के निदेशक रामबीर सिंह, JPSC परीक्षा नियंत्रक के सहायक एवं संयुक्त सचिव के निजी सहायक के रूप में कार्यरत सोनू कुमार और JPSC की एक सदस्य के निजी सहायक बृज कुमार राम की जमानत याचिकाओं पर सुनवाई की।सुनवाई के बाद अदालत ने तीनों आरोपियों को जमानत देने से इनकार कर दिया।

  1. बड़गाईं जमीन मामला: हेमंत सोरेन की याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई, ED से मांगा जवाब

बड़गाईं जमीन से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की याचिका पर बुधवार को झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने मामले में प्रवर्तन निदेशालय से जवाब मांगा है और केंद्र सरकार को प्रतिवादी बनाया है।

हालांकि, निचली अदालत में चल रही आरोप गठन की प्रक्रिया पर हाईकोर्ट ने फिलहाल रोक नहीं लगाई है। मामले की अगली सुनवाई 28 अक्टूबर 2026 को होगी।

  1. JPSC-JSSC रिफॉर्म को लेकर छात्रों का अल्टीमेटम, 18 अक्टूबर को महापंचायत का ऐलान

JPSC-JSSC परीक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर छात्र संगठनों ने सरकार पर दबाव बढ़ा दिया है। बुधवार को JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच ने रांची में प्रेस वार्ता कर परीक्षा प्रणाली में बदलाव की मांग दोहराई।

छात्र नेता रविंद्र पासवान ने कहा कि मंच ने परीक्षा रद्द करने, निष्पक्ष जांच और परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग की थी। उनके अनुसार, परीक्षाएं रद्द होने के बाद भी रिफॉर्म की दिशा में ठोस प्रक्रिया सामने नहीं आई है।

मंच ने सरकार को 18 अक्टूबर तक का समय दिया है। दावा है कि यदि तब तक रिफॉर्म को लेकर ठोस कदम नहीं उठाया गया तो उसी दिन छात्र महापंचायत बुलाई जाएगी।

  1. झारखंड बंद का पलामू में असर, रेड़मा चौक पर सड़क पर उतरे आंदोलनकारी

झारखंड आंदोलनकारियों, किसानों और मजदूरों की मांगों को लेकर बुधवार को बुलाए गए झारखंड बंद का पलामू में असर देखने को मिला। मेदिनीनगर के रेड़मा चौक पर आंदोलनकारियों ने प्रदर्शन करते हुए कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दी।

प्रदर्शनकारियों के सड़क पर बैठने और लेटने के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। तीर-धनुष के साथ प्रदर्शन को देखते हुए इलाके में हलचल बढ़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आंदोलनकारियों से बातचीत कर स्थिति संभालने की कोशिश की।

  1. SIR के बीच नए मतदाताओं को राहत, ऑनलाइन Form-6 से हटा अतिरिक्त घोषणा कॉलम

झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बीच 30 सितंबर को नए मतदाताओं से जुड़ा अहम अपडेट सामने आया। निर्वाचन आयोग ने उन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ऑनलाइन Form-6 से SIR से संबंधित अतिरिक्त घोषणा कॉलम हटा दिया है, जहां पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

अब ऐसे क्षेत्रों में नए मतदाताओं को सामान्य Form-6 के जरिए नाम जुड़वाते समय SIR से संबंधित अतिरिक्त जानकारी नहीं देनी होगी।

  1. एशियन गेम्स में जमशेदपुर की जोगा पूर्ति का कमाल, 7.28 सेकंड में 15 मीटर दीवार चढ़कर बनाया रिकॉर्ड

जमशेदपुर की एथलीट जोगा पूर्ति ने जापान के नागोया में आयोजित 20वें एशियन गेम्स में महिला स्पीड क्लाइंबिंग में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने मंगलवार को महज 7.28 सेकंड में 15 मीटर ऊंची वर्टिकल दीवार पूरी कर क्वालिफिकेशन राउंड में नौवां स्थान हासिल किया और क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन की खिलाड़ी जोगा अपने पहले ही एशियन गेम्स में हिस्सा ले रही हैं। नागोया एग्जीबिशन हॉल में हुए क्वालिफिकेशन राउंड में 17 अंतरराष्ट्रीय क्लाइंबर्स ने हिस्सा लिया।