Jharkhand Top News : झारखंड में मंगलवार को कई अहम खबरें सामने आईं। कहीं बदहाल सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की तस्वीर दिखी, तो कहीं राजनीतिक मुद्दों को लेकर प्रदर्शन हुआ। रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 को लेकर सुरक्षा व्यवस्था तेज हुई, वहीं झारखंड हाईकोर्ट के पूर्व जज अपरेश कुमार सिंह की सुप्रीम कोर्ट में नियुक्ति से न्यायिक जगत में खुशी है। JSSC CGL मामले में तीन आरोपियों की जमानत खारिज हुई, जबकि ओबीसी आरक्षण की मांग को लेकर पांच जिलों में बंद का असर दिखा। पढ़ें झारखंड की 8 बड़ी खबरें…
- Chatra News: एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंची तो गर्भवती को खाट पर ले गए ग्रामीण, 1 KM पैदल चलने की मजबूरी
कुंदा (चतरा)। चतरा के कुंदा प्रखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं और सड़क संपर्क की जमीनी हकीकत सामने आई है। सिकीदाग पंचायत के बुटकुइया गांव में प्रसव पीड़ा से परेशान गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। दो मुहायन नदी पर पुल नहीं होने के कारण रास्ता बाधित था। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने महिला को खाट पर लिटाया और कंधे के सहारे एक किलोमीटर से अधिक दूर तक पैदल ले जाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया।
- Jharkhand Assembly Special Session: MMDR संशोधन के खिलाफ विशेष सत्र, 7 अक्टूबर की कैबिनेट बैठक में तय होगी तारीख
रांची। MMDR संशोधन विधेयक के विरोध में झारखंड सरकार विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बुलाने की तैयारी में है। पहले 5 और 6 अक्टूबर को विशेष सत्र प्रस्तावित था, लेकिन कैबिनेट बैठक स्थगित होने के कारण इसकी तारीख तय नहीं हो सकी। अब 7 अक्टूबर को होने वाली कैबिनेट बैठक में नई तारीख पर फैसला लिया जाएगा। सरकार के मुताबिक, विशेष सत्र में MMDR संशोधन के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर उसे केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।
- Ranchi Protest: ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, CEO कार्यालय के बाहर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन
रांची। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को युवा कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने SIR के जरिए मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। इस दौरान कार्यालय के बोर्ड और दीवार पर वॉल स्प्रे से ‘वोट चोर ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ लिखा गया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
- Ranchi T20 Security: भारत-वेस्टइंडीज मैच से पहले सुरक्षा चाक-चौबंद, खिलाड़ियों के लिए तय हुआ स्पेशल रूट
रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले दूसरे टी-20 मुकाबले को लेकर रांची पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों की सुरक्षित आवाजाही पर विशेष फोकस रहेगा। एयरपोर्ट से होटल और होटल से जेएससीए स्टेडियम तक खिलाड़ियों के लिए विशेष सुरक्षा रूट तय किए गए हैं। इन मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार निगरानी की जाएगी।
- Jharkhand High Court: पूर्व जज अपरेश कुमार सिंह बने सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश, केंद्र ने जारी की अधिसूचना
रांची। झारखंड हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश और वर्तमान में तेलंगाना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस अपरेश कुमार सिंह को सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय ने सोमवार को उनकी नियुक्ति की अधिसूचना जारी की। उनकी नियुक्ति को झारखंड की न्यायिक विरासत से जुड़ी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।
- JSSC CGL Case: तीन आरोपियों को कोर्ट से झटका, अभय तिवारी समेत तीनों की जमानत याचिका खारिज
रांची। JSSC CGL परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में आरोपी अभय तिवारी, समीर कुमार और राहुल कुमार को अदालत से राहत नहीं मिली। अपर न्यायायुक्त योगेश कुमार की अदालत ने तीनों की जमानत याचिका खारिज कर दी। अभय तिवारी और समीर कुमार ने 28 अगस्त को, जबकि राहुल कुमार ने 29 सितंबर को जमानत के लिए याचिका दाखिल की थी।
- Saraikela Accident: तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, सरायकेला के तीन युवकों की मौत
सरायकेला। पश्चिम बंगाल के दातिया में सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के जुगिलांग गांव के तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा चांडिल-पुरुलिया मार्ग पर हुआ। घटना की खबर गांव पहुंचते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
- Jharkhand OBC Bandh: आरक्षण और जनगणना में अलग कॉलम की मांग, 5 जिलों में बंद का असर
गुमला/सिमडेगा। झारखंड में ओबीसी समाज की आरक्षण और जनगणना में अलग कॉलम की मांग को लेकर मंगलवार को गुमला, सिमडेगा, खूंटी, रांची और लोहरदगा में बंद का आह्वान किया गया। गुमला और सिमडेगा में बंद का व्यापक असर देखने को मिला। सुबह से बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे और कई जगह चक्का जाम किया। इससे वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

