Jharkhand Top News : झारखंड में सोमवार को अपराध, स्वास्थ्य, रोजगार योजना, सड़क सुरक्षा और राजनीतिक गतिविधियों से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आईं। जमशेदपुर के उडुपी रेस्टोरेंट फायरिंग मामले में पुलिस ने चार कथित साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। वहीं JPSC की 14वीं PT में कथित अनियमितता की जांच में सीआइडी ने नेटवर्क से जुड़े अहम खुलासे किए हैं। धनबाद में जापानी इंसेफ्लाइटिस के मामलों के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। इसके अलावा VB-G RAM G योजना की निगरानी के लिए परिषद के गठन की तैयारी, चित्तरंजन में नरकंकाल मिलने और सड़क हादसों की गंभीरता को लेकर भी बड़ी खबरें हैं।
- जमशेदपुर उडुपी रेस्टोरेंट फायरिंग: चार गिरफ्तार, पुलिस बोली-शूटर इनमें शामिल नहीं
सोनारी के बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में शनिवार को हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने कथित साजिश में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टीटू शर्मा, मनोज सरकार, शंकर मुंडा और दीपु ओझा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, चारों को छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित एक टोल प्लाजा के पास पकड़ा गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि रेस्टोरेंट में जाकर फायरिंग करने वालों में ये चारों शामिल नहीं थे।
- JPSC 14वीं PT में कथित गड़बड़ी: सीआइडी को नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग
जेपीएससी की 14वीं प्रारंभिक परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच कर रही सीआइडी ने गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़ी कई अहम जानकारियां मिलने का दावा किया है। जांच एजेंसी के अनुसार, कथित नेटवर्क में मुख्य आरोपित अभय तिवारी के करीबी उमेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका थी। सीआइडी ने बताया कि उमेश नामकुम के तेतरी टोली का रहने वाला है, जबकि अभय तिवारी ने नामकुम के जोरार में मकान बना रखा था। एजेंसी के मुताबिक, उमेश अभय के भरोसेमंद बिजनेस पार्टनर के रूप में काम करता था।
- धनबाद में JE का अलर्ट: दो मामले सामने आए, एक बच्चे की मौत
धनबाद में जापानी इंसेफ्लाइटिस (JE) के दो मामलों की पुष्टि और एक बच्चे की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लेगी और निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत रोकथाम के उपाय करेगी। रिपोर्ट के अनुसार, 12 वर्षीय एक बच्चे में भी JE की पुष्टि हुई है, जबकि इससे पहले एक किशोर की इलाज से पहले मौत हो गई थी।
- VB-G RAM G Scheme: CM की अध्यक्षता में बनेगी राज्य ग्रामीण रोजगार गारंटी परिषद
झारखंड में VB-G RAM G योजना के बेहतर क्रियान्वयन और निगरानी के लिए राज्य ग्रामीण रोजगार गारंटी परिषद के गठन की तैयारी है। ग्रामीण विकास विभाग ने इसका प्रस्ताव तैयार किया है। प्रस्ताव के अनुसार परिषद मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में काम करेगी और इसमें अधिकारियों के साथ कम से कम 15 गैर सरकारी सदस्यों को शामिल किया जाएगा। परिषद योजना की निगरानी, मूल्यांकन और शिकायत निवारण व्यवस्था को मजबूत करने में भूमिका निभाएगी।
- चित्तरंजन में नरकंकाल मिलने से सनसनी, बंद रेलवे क्वार्टर में मिला मानव कंकाल
चित्तरंजन रेलनगरी के स्ट्रीट नंबर-11 स्थित क्वार्टर नंबर 11बी में सोमवार को नरकंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। लंबे समय से बंद पड़े रेलवे क्वार्टर के अंदर पूजा स्थल के समीप मानव कंकाल बरामद हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस कंकाल की पहचान और उसके वहां पहुंचने की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
- सड़क हादसों की गंभीरता में झारखंड लगातार दूसरे साल तीसरे स्थान पर
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ‘Road Accidents in India 2023-24’ रिपोर्ट के अनुसार, सड़क हादसों की गंभीरता के मामले में झारखंड लगातार दूसरे वर्ष देश में तीसरे स्थान पर रहा। वर्ष 2023 में राज्य में 78.5 प्रतिशत सड़क हादसे गंभीर श्रेणी के रहे थे, जबकि 2024 में यह आंकड़ा बढ़कर 79.2 प्रतिशत हो गया।
- बैंक हड़ताल स्थगित: 28 से 30 सितंबर का प्रस्तावित बंद टला, कामकाज सामान्य
28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी गई है। रविवार देर रात यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के बीच हुई बैठक के बाद हड़ताल टालने का फैसला लिया गया। इसके साथ ही सोमवार से बैंकों में कामकाज सामान्य रूप से शुरू हो गया और ग्राहकों को राहत मिली।
- झारखंड में कांग्रेस का प्रदर्शन: CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को राज्यव्यापी प्रदर्शन किया। रांची में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय का घेराव किया और प्रदर्शन के दौरान CEC का पुतला दहन किया। पार्टी ने SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर भी सवाल उठाए। राज्य के विभिन्न जिला मुख्यालयों पर भी प्रदर्शन किए गए।


