Jharkhand Top News: झारखंड में मंगलवार को कई बड़ी खबरें सामने आईं। चारा घोटाले में लालू प्रसाद यादव की अपील पर हाई कोर्ट में नियमित सुनवाई शुरू हो गई है। वहीं, चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए रांची में स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। राहुल सिंह गिरोह के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, JPSC मेधा घोटाले में चार्जशीट और जनशताब्दी एक्सप्रेस से लापता डिजिटल मीडिया मैनेजर का शव मिलने जैसी घटनाएं भी चर्चा में रहीं। आइए जानते हैं झारखंड की दिनभर की 8 प्रमुख खबरें।

. चारा घोटाला: लालू यादव की अपील पर हाई कोर्ट में सुनवाई शुरू

चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की अपील याचिका पर झारखंड हाई कोर्ट में मंगलवार से नियमित सुनवाई शुरू हो गई है। लालू यादव की ओर से अधिवक्ता प्रभात कुमार और देवर्षि मंडल ने अदालत में पक्ष रखा। कोर्ट ने मामले की सुनवाई प्रतिदिन करने का निर्णय लिया है। बुधवार को भी इस मामले में बहस जारी रहेगी। यह मामला देवघर कोषागार से फर्जी वाउचरों के आधार पर अवैध निकासी से संबंधित है।

. चक्रवात ‘अर्नब’ का असर: रांची में 28 और 29 अक्टूबर को स्कूल बंद

चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव से भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका के मद्देनजर रांची जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। जिले के सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में 28 और 29 अक्टूबर को केजी से 12वीं तक की कक्षाएं स्थगित रहेंगी। आदेश में अल्पसंख्यक विद्यालय भी शामिल हैं। वहीं, रांची नगर निगम ने अगले तीन दिनों तक संबंधित शाखाओं को 24 घंटे अलर्ट मोड में रखने की तैयारी की है।

. रांची में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, दो गिरफ्तार

राजधानी रांची में राहुल सिंह गिरोह के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को विधानसभा थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में शाहिद नाम का अपराधी घायल हो गया। पुलिस ने घायल समेत दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

. दिल्ली की रैली को लेकर झारखंड कांग्रेस ने तेज की तैयारी

दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को होने वाली ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ रैली को लेकर झारखंड कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि रैली के लिए जिलों में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। जिला प्रभारी और वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों से संवाद कर रहे हैं। यह रैली विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा है।

. जनशताब्दी एक्सप्रेस से लापता डिजिटल मीडिया मैनेजर का शव बरामद

जनशताब्दी एक्सप्रेस से रहस्यमय तरीके से लापता हुए जन सुराज पार्टी के डिजिटल मीडिया मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव मंगलवार को रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में बरवादाग के पास झाड़ियों से बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

. JPSC मेधा घोटाला: 12 आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के मेधा घोटाला मामले में सीआईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने तत्कालीन अध्यक्ष एल. खियांग्ते और तत्कालीन उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता समेत 12 आरोपितों के खिलाफ विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल की है। कुल 97 पन्नों की चार्जशीट में इलेक्ट्रॉनिक और वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ आरोपितों के बयान भी शामिल किए गए हैं।

. गुमला में सड़क नहीं होने का दर्द: कंधे पर शव लेकर दो किलोमीटर चले परिजन

गुमला जिले के जारी प्रखंड में सड़क सुविधा के अभाव की दर्दनाक तस्वीर सामने आई है। जरदा पंचायत के मंगरु तल्ला और आसन पाठ गांव में सड़क नहीं होने के कारण 65 वर्षीय मक्सीमा तिर्की के शव को परिजनों ने करीब दो किलोमीटर तक कंधे पर ढोया। इस घटना ने ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

. रांची में सब-इंस्पेक्टर के बंद मकान में चोरी, 20 लाख से अधिक के सामान पर हाथ साफ

राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित पटेल कंपाउंड में चोरों ने हजारीबाग में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर शशि गुप्ता के बंद मकान को निशाना बनाया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, तीन से चार अपराधियों ने घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया और कीमती जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।