Jharkhand Top News: झारखंड में स्वास्थ्य, शिक्षा, रेलवे और कानून-व्यवस्था से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आई हैं। राज्य सरकार ने जूनियर रेजिडेंट डॉक्टरों के मानदेय में बढ़ोतरी की है, वहीं एक नवंबर को होने वाली झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) के लिए 986 केंद्र तैयार किए जा रहे हैं। दूसरी ओर, JPSC परीक्षा अनियमितता मामले में CID ने पहली चार्जशीट दाखिल की है। इसके अलावा रेलवे परिचालन प्रभावित होने, गिरिडीह में युवक के बच्चे के साथ पानी की टंकी पर चढ़ने और छठ घाटों की तैयारियों से जुड़ी खबरें भी चर्चा में हैं। पढ़ें झारखंड की 7 बड़ी खबरें।
. जूनियर रेजिडेंट डॉक्टरों के मानदेय में बढ़ोतरी, अब मिलेंगे 80 हजार रुपये तक
झारखंड में सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में कार्यरत जूनियर रेजिडेंट (एकेडमिक) डॉक्टरों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने उनके मासिक मानदेय में बढ़ोतरी की है। संशोधित दरों के अनुसार, प्रथम वर्ष के डॉक्टरों को अब 70 हजार रुपये, द्वितीय वर्ष के डॉक्टरों को 75 हजार रुपये और तृतीय वर्ष के डॉक्टरों को 80 हजार रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। इससे डॉक्टरों को हर महीने 15,500 से 17,000 रुपये तक का अतिरिक्त लाभ होगा।
. ओडिशा में भूस्खलन से रेल परिचालन प्रभावित, कई ट्रेनें रद्द
ओडिशा के रायागड़ा रेल मंडल में मुनिगुड़ा और छिपाबर्टा स्टेशनों के बीच भारी भूस्खलन के कारण रेल परिचालन प्रभावित हो गया है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है। वहीं, कुछ ट्रेनों का परिचालन उनके निर्धारित गंतव्य के बजाय कोरापुट तक सीमित कर दिया गया है। इसका असर झारखंड और पश्चिम बंगाल से विशाखापत्तनम तथा जगदलपुर जाने वाले यात्रियों पर पड़ने की संभावना है।
. JPSC अनियमितता मामले में CID की बड़ी कार्रवाई, पहली चार्जशीट दाखिल
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में अनियमितता, ओएमआर शीट में हेराफेरी और पेपर लीक जैसे मामलों की जांच कर रही CID ने पहली चार्जशीट दाखिल कर दी है। चार्जशीट में JPSC की तत्कालीन उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता समेत पांच आरोपितों के नाम शामिल हैं। इस कार्रवाई से परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की जांच में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी।
. JTET 2026: एक नवंबर को परीक्षा, राज्यभर में बनाए गए 986 केंद्र
झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET 2026) की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। परीक्षा आगामी एक नवंबर को राज्यभर के 986 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा को पारदर्शी, कदाचारमुक्त और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। केंद्रों पर CCTV निगरानी, रिजर्व ओएमआर शीट की व्यवस्था और अभ्यर्थियों की सुविधाओं को लेकर विशेष निर्देश दिए गए हैं।
. गिरिडीह में 120 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ा युवक, बेटे को लेकर दी कूदने की धमकी
गिरिडीह शहर से सटे अजीडीह में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब महादेव त्रिवेदी नाम का युवक अपने चार साल के बेटे को लेकर करीब 120 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक ने टंकी के ऊपरी हिस्से से बच्चे को नीचे फेंकने और खुद भी कूदने की धमकी दी। सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
. JMM जिलाध्यक्ष के बॉडीगार्ड की गोली लगने से मौत, हत्या या आत्महत्या की जांच
हजारीबाग जिले में झामुमो (JMM) के जिलाध्यक्ष संजीव बेदिया के बॉडीगार्ड निरंजन महतो की गोली लगने से मौत हो गई। घटना गुरुवार सुबह करीब 10 बजे बड़कागांव थाना क्षेत्र के उरीमारी स्थित एक घर में हुई। बंद कमरे से शव बरामद होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हजारीबाग के एसपी के अनुसार, घटना में AK-47 का इस्तेमाल हुआ है। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
. छठ महापर्व की तैयारी तेज, रांची के घाटों पर सुरक्षा और रोशनी के इंतजाम होंगे
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर के सभी तालाबों और छठ घाटों की साफ-सफाई के साथ सुरक्षा और रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां लाल फीता लगाकर खतरे के निशान बनाए जाएंगे। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि छठ की तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

