Jharkhand Top News: झारखंड में बुधवार-गुरुवार को कई अहम घटनाक्रम सामने आए। दिल्ली के झारखंड भवन में लिफ्ट खराब होने से पूर्व सांसद के परिवार के छह सदस्य फंस गए और बेहोश हो गए। वहीं 734 करोड़ रुपये के कथित फर्जी GST-ITC घोटाले में ED ने जमशेदपुर से पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया। इसके अलावा ED अधिकारियों के खिलाफ SC-ST एक्ट की FIR से जुड़े मामले में झारखंड हाईकोर्ट ने जवाब दाखिल करने में देरी पर जुर्माना लगाया। पलामू के लोक गायक शिव कुमार चौधरी के निधन और रांची में होने वाले भारत-वेस्टइंडीज T20 मैच की टिकट व्यवस्था से जुड़ी खबरें भी सुर्खियों में रहीं।

झारखंड भवन में लिफ्ट खराब, पूर्व सांसद के परिवार के 6 लोग फंसे

गढ़वा। दिल्ली स्थित झारखंड भवन में मंगलवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पलामू के पूर्व सांसद घूरन राम के परिवार के छह सदस्य तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट में फंस गए। बताया गया कि लिफ्ट के अंदर हवा का संचार प्रभावित होने से सभी छह लोग बेहोश हो गए। रेस्क्यू के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर सभी को छुट्टी दे दी गई।

734 करोड़ के कथित GST-ITC घोटाले में ED की बड़ी कार्रवाई, पिता-पुत्र गिरफ्तार

रांची। झारखंड के कथित 734 करोड़ रुपये के फर्जी GST इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) घोटाले की जांच में ED ने जमशेदपुर, देवघर और कोलकाता में एक साथ कई ठिकानों पर तलाशी ली। कार्रवाई के बाद जमशेदपुर से स्क्रैप कारोबारी ज्ञानचंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल और उनके बेटे राज जायसवाल को गिरफ्तार किया गया। दोनों को सुरक्षा के बीच रांची लाया गया।

ED के खिलाफ FIR मामले में हाईकोर्ट सख्त, 10 हजार का जुर्माना

रांची। ED अधिकारियों के खिलाफ SC-ST एक्ट के तहत दर्ज FIR को चुनौती देने वाली याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। जवाब दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय मांगने पर अदालत ने नाराजगी जताते हुए 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। कोर्ट ने जवाब दाखिल करने के लिए चार सप्ताह का समय दिया है। मामले की अगली सुनवाई 2 नवंबर को होगी।

पलामू के प्रसिद्ध लोक गायक शिव कुमार चौधरी का निधन

विश्रामपुर। पलामू की लोक संस्कृति और परंपराओं को अपनी आवाज देने वाले प्रसिद्ध लोक गायक शिव कुमार चौधरी का शुक्रवार देर रात निधन हो गया। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान करीब 11 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पलामू प्रमंडल में शोक की लहर है।

भारत-वेस्टइंडीज T20: JSCA ने जारी किया टिकट वितरण शेड्यूल

जमशेदपुर। रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे T20 मुकाबले को लेकर तैयारियां तेज हैं। JSCA ने लाइफ मेंबर्स और संबद्ध इकाइयों के लिए कॉम्प्लिमेंट्री टिकट वितरण का शेड्यूल जारी किया है। खास बात यह है कि कॉम्प्लिमेंट्री टिकट लेने वाले सदस्यों को टी-शर्ट भी दी जाएगी। अतिरिक्त टिकट खरीदने के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है।

त्योहारी सीजन में 44 ट्रेनें रद्द, दो एक्सप्रेस का बदलेगा रूट

चक्रधरपुर। बंडामुंडा डी केबिन में प्री-एनआई और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 4 से 19 अक्टूबर के बीच चक्रधरपुर रेल मंडल की 44 मेमू, पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनें अलग-अलग तारीखों में रद्द रहेंगी। इसके अलावा दो एक्सप्रेस ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। दुर्गापूजा के दौरान ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है।