Jharkhand Top News: विजयादशमी के मौके पर जहां राजधानी रांची का मोरहाबादी मैदान भव्य रावण दहन और आतिशबाजी से जगमगा उठा, वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रदेशवासियों को सत्य और धर्म की जीत का संदेश दिया। दूसरी ओर, चाईबासा में दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार की मौत के बाद तीन घंटे तक एनएच-75 जाम रहा। सिमडेगा में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरिडीह में भीषण सड़क हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने दुर्घटना में शामिल कार को आग के हवाले कर दिया। वहीं बोकारो में विस्थापित युवाओं के नियोजन की मांग को लेकर विधायक श्वेता सिंह की भूख हड़ताल नौवें दिन भी जारी रही और उनकी तबीयत बिगड़ गई। धनबाद में कोयला चोरी और अवैध खनन के खिलाफ CISF ने 14 संवेदनशील ठिकानों पर विशेष अभियान चलाया।

रांची में भव्य रावण दहन

राजधानी रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में विजयादशमी के अवसर पर भव्य रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। रक्षा राज्य मंत्री और राज्यपाल संतोष गंगवार की मौजूदगी में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के विशाल पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। भव्य आतिशबाजी ने समारोह का आकर्षण और बढ़ा दिया।

सीएम हेमंत सोरेन ने दी विजयादशमी की शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विजयादशमी 2026 के अवसर पर राज्यवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विजयादशमी असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और अन्याय पर न्याय की विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व संदेश देता है कि बुराई कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंततः जीत सत्य की ही होती है।

चाईबासा में सड़क हादसा, साइकिल सवार की मौत

चाईबासा-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग पर पासाहातु चौक के समीप तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 45 वर्षीय साइकिल सवार रसिका हेंब्रम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-75 जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा।

सिमडेगा में ब्राउन शुगर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

सिमडेगा के केलाघाघ डैम के समीप बुधराटोली में पुलिस ने छापेमारी कर 11 लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से 8.3 ग्राम ब्राउन शुगर, 10 मोबाइल फोन, वजन मशीन, लाइटर और 150 प्लास्टिक पाउच बरामद किए गए। पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवाओं को नशे की लत लगाकर अवैध कारोबार से जोड़ने वाले नेटवर्क के संकेत मिले हैं।

गिरिडीह में हादसे के बाद कार में लगाई आग

धनवार के बिशनपुर के पास एक बेकाबू कार ने ऑटो समेत कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि करीब 12 लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने दुर्घटना में शामिल कार में आग लगा दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

बोकारो में विधायक श्वेता सिंह की भूख हड़ताल

बोकारो स्टील प्लांट में स्थानीय विस्थापित युवाओं के नियोजन और अधिकारों की मांग को लेकर आंदोलन जारी है। टू टैंक गार्डन में विस्थापित अप्रेंटिस संघ के साथ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठीं कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह का अनशन नौवें दिन में पहुंच गया। लगातार उपवास के बीच उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर है। जांच में ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल कम पाया गया है।

धनबाद में कोयला चोरी के खिलाफ CISF का बड़ा अभियान

धनबाद में कोयला चोरी, अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ CISF की BCCL इकाई ने विशेष अभियान चलाया। केंद्र सरकार की ‘जीरो कोल लीकेज टॉलरेंस पॉलिसी’ के तहत बीसीसीएल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से जिले के 14 संवेदनशील स्थलों पर छापेमारी और सघन तलाशी अभियान चलाया गया।