धनबाद। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुए चक्रवाती सिस्टम का असर अब झारखंड के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है। धनबाद समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले कई दिनों तक बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम में यह बदलाव मंगलवार से शुरू होकर अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है।
28 से 30 अक्टूबर तक भारी बारिश की संभावना
मंगलवार से चक्रवाती सिस्टम से जुड़े बादलों की आवाजाही शुरू होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 28 से 30 अक्टूबर के बीच झारखंड के लगभग सभी हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है। कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। इसके बाद 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को भी कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने के आसार हैं। 2 नवंबर से मौसम के साफ होने की संभावना जताई गई है।
चक्रवात के कारण रेलवे ने कई ट्रेनें की रद्द
चक्रवाती सिस्टम का असर रेल परिचालन पर भी पड़ सकता है। रेलवे ने ओडिशा और आंध्र प्रदेश से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों को एहतियातन रद्द करने की घोषणा की है। कुछ ट्रेनें 4-5 नवंबर तक रद्द रहेंगी।
धनबाद से ओडिशा और आंध्र प्रदेश होकर चलने वाली धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस और धनबाद-भुवनेश्वर एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों के परिचालन पर भी असर पड़ने की संभावना है। हालांकि, इन ट्रेनों को लेकर अभी आधिकारिक तौर पर रद्द करने की घोषणा नहीं की गई है।
यात्रियों को सलाह
चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए ओडिशा और आंध्र प्रदेश की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को ट्रेन की स्थिति और रेलवे की ओर से जारी ताजा सूचना की जांच करने के बाद ही यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी जाती है।

