रांची। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र का असर झारखंड में दिखाई देने लगा है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है और मौसम विभाग ने 28 अगस्त तक मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। राजधानी रांची के लिए 27 अगस्त को येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार रांची में अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहाना लेकिन बारिश वाला बना रहेगा। 30 अगस्त तक आसमान में बादल छाए रहने के साथ कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बीच-बीच में बारिश के दौर जारी रहने की संभावना है।

राज्य में बारिश की कमी अभी बरकरार

मानसून सीजन में झारखंड में अब तक सामान्य से 11 प्रतिशत कम बारिश हुई है। 1 जून से 24 अगस्त के बीच राज्य में 661.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 744.5 मिमी मानी जाती है।कुछ जिलों में हालांकि बारिश सामान्य से ज्यादा रही है। पश्चिमी सिंहभूम में 46%, सरायकेला-खरसावां में 8%, सिमडेगा में 7%, खूंटी में 5% और रांची में 4% अधिक बारिश दर्ज हुई है।

सिमडेगा में सबसे ज्यादा बारिश

सोमवार को राज्य में सिमडेगा सबसे ज्यादा बारिश वाला जिला रहा, जहां 30 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। रांची में 14 मिमी, सरायकेला में 18 मिमी, मेदिनीनगर में 15 मिमी और चाईबासा में 9 मिमी बारिश हुई।

लगातार बारिश के चलते राजधानी समेत कई जिलों के तापमान में गिरावट आई है। रांची का तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस तक गिरा, जिससे मौसम में ठंडक महसूस की जा रही है।