रांची। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव के क्षेत्र के असर से झारखंड में पिछले चार दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शुक्रवार को भी राज्य के कई इलाकों में तेज बारिश के साथ 55 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। तेज हवा और बारिश के कारण कई जगह पेड़ और बिजली के पोल गिर गए, जिससे सड़कें बाधित हुईं। कई इलाकों में रात से ही बिजली आपूर्ति ठप है।
इसी बीच स्कूल बस से जुड़ी एक घटना में बड़ा हादसा टल गया। बच्चों से भरी स्कूल बस आगे बढ़ रही थी, तभी अचानक एक विशाल पेड़ बस के सामने आ गिरा। चालक की सतर्कता से बस को समय रहते रोक लिया गया और सभी बच्चे सुरक्षित बच गए।
26 सितंबर को KG से 12वीं तक सभी स्कूल बंद
भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए रांची जिले में शनिवार, 26 सितंबर को KG से 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह आदेश सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और निजी विद्यालयों पर लागू होगा। मौसम विभाग के विशेष बुलेटिन में रांची को येलो जोन में रखा गया है और भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
हालांकि, यदि किसी स्कूल में कोई अनिवार्य परीक्षा निर्धारित है, तो उसके आयोजन को लेकर स्कूल प्रबंधन अपने स्तर पर निर्णय ले सकेगा।
रांची में 18, जमशेदपुर में 65 मिमी बारिश
लगातार बारिश और तेज हवाओं से जनजीवन प्रभावित हुआ है। शुक्रवार को रांची में रुक-रुककर 18 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि जमशेदपुर में सबसे अधिक 65 मिमी बारिश हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा उत्तरी छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की सीमा के पास सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण का भी झारखंड के मौसम पर असर पड़ा है।
शनिवार को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भारी बारिश की चेतावनी दी है। राजधानी रांची समेत कई इलाकों में सुबह बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। हालांकि दोपहर के बाद बारिश और हवा की रफ्तार में कमी आने से राहत मिलने की संभावना है।27 सितंबर, रविवार से मौसम में सुधार और आसमान साफ होने की उम्मीद जताई गई है।
झारखंड में अब भी सामान्य से 3% कम बारिश
मॉनसून सीजन में 1 जून से 25 सितंबर तक झारखंड में अब भी सामान्य से 3 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य बारिश 992 मिमी होनी चाहिए, जबकि अब तक 962.6 मिमी बारिश हुई है।
वहीं रांची में सामान्य से 15 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। दूसरी ओर पलामू, गढ़वा, चतरा, पाकुड़, देवघर, गुमला, कोडरमा, साहिबगंज और हजारीबाग समेत कई जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश हुई है।


