रांची। झारखंड में अगले छह दिनों तक मौसम का मिजाज सामान्य और शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 17 से 22 अक्टूबर तक राज्य के किसी भी हिस्से के लिए बारिश, आंधी या खराब मौसम का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। कई जिलों में सुबह के समय हल्का कोहरा और धुंध देखने को मिल सकती है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने और धूप खिलने की उम्मीद है। इस दौरान सुबह और रात के तापमान में हल्की ठंडक महसूस होने लगी है।
आज कैसा रहेगा झारखंड का मौसम?
17 अक्टूबर की सुबह राज्य के कई इलाकों में हल्की धुंध और कोहरा देखने को मिला। दिन में कुछ जगहों पर आंशिक बादल रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान में भी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।रांची में आज अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
18 से 22 अक्टूबर तक ऐसा रहेगा मौसम
18 अक्टूबर की सुबह हल्का कोहरा छाने के बाद दिन में आसमान साफ रहने की संभावना है। 19 और 20 अक्टूबर को भी सुबह के समय धुंध और बाद में तेज धूप देखने को मिल सकती है।
21 और 22 अक्टूबर को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहने का अनुमान है। सुबह धुंध के बाद दिन में मौसम साफ रहेगा। इस दौरान राज्य में बारिश या आंधी-तूफान का कोई अलर्ट नहीं है।
सुबह कोहरे से वाहन चालकों को सावधानी की सलाह
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी झारखंड समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम अनुकूल रहेगा। हालांकि, सुबह के समय कोहरे के कारण कुछ इलाकों में दृश्यता कम हो सकती है। ऐसे में सुबह सफर करने वाले वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
रांची में 20 अक्टूबर को गिर सकता है न्यूनतम तापमान
राजधानी रांची में अगले कुछ दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। 18 और 19 अक्टूबर को अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, 20 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट के साथ इसके 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
कुल मिलाकर 22 अक्टूबर तक झारखंड में मौसम शुष्क और राहतभरा रहने की संभावना है। सुबह-शाम हल्की ठंडक के बीच दिन में गुनगुनी धूप लोगों को सुहावना मौसम का अहसास कराएगी।

