रांची। झारखंड में बुधवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। कहीं तेज बारिश हो रही है, तो कहीं रुक-रुककर बौछारें पड़ रही हैं। कई इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल रही हैं। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली के असर से राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 23 सितंबर को झारखंड में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवा की चेतावनी जारी की है।
रांची समेत इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 23 सितंबर को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो और धनबाद समेत कई इलाकों में बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक और वज्रपात के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। रांची में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है।
रामगढ़ में भी 23 सितंबर को बादल छाए रहने और मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ने का पूर्वानुमान है। वहीं धनबाद में भी मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
24 सितंबर को और बढ़ सकती है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 24 सितंबर को झारखंड में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। राज्य के लिए बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके बाद 25 और 26 सितंबर को भी कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
गरज-चमक और वज्रपात को लेकर सावधानी जरूरी
बारिश के साथ वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। आंधी-तूफान और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभे और कमजोर संरचनाओं के पास खड़े होने से बचें। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।बंगाल की खाड़ी से जुड़े इस मौसम सिस्टम के प्रभाव से झारखंड में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर बने रहने की संभावना है।



