रांची। झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में आज यानी 9 अक्टूबर को बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बारिश के दौरान मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर भी अलर्ट किया है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

आज इन जिलों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, झारखंड के लगभग सभी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज और गिरिडीह में बारिश की संभावना है।

इसके अलावा रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भी मौसम बदल सकता है। वहीं पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में मेघ गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।

50 KM की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

मौसम में बदलाव के दौरान तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है। आंधी, बिजली चमकने और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें और अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से परहेज करें।

10 अक्टूबर को कैसा रहेगा मौसम?

10 अक्टूबर को भी झारखंड के कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।

इस दौरान हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। राजधानी रांची में 10 अक्टूबर को बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन का अनुमान है, हालांकि यहां बारिश की संभावना कम बताई गई है।

11 अक्टूबर से साफ होने लगेगा आसमान

मौसम विभाग के अनुसार, 11 अक्टूबर से झारखंड के अधिकांश जिलों में आसमान साफ होने की संभावना है। इसके बाद राज्य में मौसम धीरे-धीरे शुष्क होने लगेगा। वहीं, 12 से 13 अक्टूबर के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून के झारखंड से पूरी तरह विदा होने की संभावना जताई गई है।

रांची में बारिश पहले भी बिगाड़ चुकी है क्रिकेट का रोमांच

रांची में बारिश के कारण क्रिकेट मैच प्रभावित होने का उदाहरण पहले भी देखने को मिल चुका है। 7 अक्टूबर 2017 को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए टी-20 मुकाबले में बारिश ने खलल डाला था।

ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 118 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 5.3 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 49 रन बना लिए थे, तभी बारिश शुरू हो गई। इसके बाद डकवर्थ-लुईस नियम के आधार पर भारत को 9 विकेट से विजेता घोषित किया गया था।

फिलहाल, झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। 9 और 10 अक्टूबर को बारिश व तेज हवाओं के बाद 11 अक्टूबर से मौसम साफ होने की संभावना है। इसके साथ ही राज्य से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई की स्थिति भी बनती नजर आ रही है।