रांची। झारखंड में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश पर फिलहाल ब्रेक लग गया है। शनिवार को रांची समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में धूप खिली रही। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 4 दिन राज्य में मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में भी बढ़ोतरी होगी।
हालांकि, 9 सितंबर से मौसम एक बार फिर करवट लेगा। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में बादल छाने के साथ बारिश हो सकती है। पलामू प्रमंडल, गुमला और लोहरदगा समेत कई जिलों में झमाझम बारिश होने का अनुमान है।
अभी 4 दिन बारिश से राहत
मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने के कारण फिलहाल बारिश में कमी आई है। अगले चार दिनों तक ज्यादातर जिलों में धूप निकलने की संभावना है। धूप के चलते दिन के तापमान में भी बढ़ोतरी होगी।
इसके बाद 9 सितंबर से बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ सकती हैं। कई जिलों में बादल छाने और बारिश होने का अनुमान है।
राज्य में बारिश की कमी 2%, रांची में सामान्य से 14% ज्यादा
झारखंड में अब तक सामान्य के मुकाबले बारिश की कमी 2 प्रतिशत रह गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह कमी सामान्य स्थिति के दायरे में है।
वहीं, राजधानी रांची में अब तक 972.2 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। यहां सामान्य औसत बारिश 855.9 मिमी है। यानी रांची में अब तक सामान्य से 14 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है।
धूप निकलने से 41.4 डिग्री तक पहुंचा तापमान
बारिश थमने और तेज धूप निकलने के कारण राज्य में तापमान भी बढ़ा है। प्रदेश में अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले चार दिन गर्मी और धूप का असर रहेगा। इसके बाद 9 सितंबर से मौसम में बदलाव शुरू होने की संभावना है और कई जिलों में बारिश का दौर फिर शुरू हो सकता है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



