रांची। झारखंड में मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक बदला हुआ रहने वाला है। राज्य के कई हिस्सों में सुबह के समय कोहरा छाया रह सकता है, जबकि कुछ इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 13 अक्टूबर तक उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिण-पूर्वी झारखंड के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।हालांकि, अगले पांच दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

रांची में बादल छाए रहेंगे, बारिश की संभावना कम

राजधानी रांची में अगले पांच दिनों के दौरान आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है, लेकिन बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

12 अक्टूबर: अधिकतम 28°C, न्यूनतम 19°C

13 अक्टूबर: न्यूनतम तापमान करीब 20°C

14 अक्टूबर: अधिकतम 29°C, न्यूनतम 20°C

15 अक्टूबर: अधिकतम 29°C, न्यूनतम 19°C

सुबह के समय कोहरे की वजह से मौसम में हल्की ठंडक महसूस हो सकती है।

12 से 14 अक्टूबर तक इन जिलों में बारिश के आसार

12 अक्टूबर: साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, धनबाद, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में बारिश हो सकती है।

13 अक्टूबर: पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में बारिश की संभावना है।

14 अक्टूबर: गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा और हजारीबाग में बारिश हो सकती है।

पिछले 24 घंटे में भी हुई हल्की बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान झारखंड के कुछ इलाकों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। देवघर के मोहनपुर में सबसे अधिक 4.6 मिमी बारिश हुई, जबकि नाला में 4.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

तापमान की बात करें तो राज्य में सबसे अधिक 34 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान जामताड़ा मौसम केंद्र में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम 16.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान लातेहार में रिकॉर्ड हुआ।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में सुबह के समय कोहरे और दिन में बादल छाए रहने की स्थिति के बीच कुछ जिलों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।