रांची। झारखंड में मौसम धीरे-धीरे करवट लेने लगा है। राजधानी रांची समेत ग्रामीण और शहरी इलाकों में रविवार की सुबह हल्के कुहासे और धुंध के साथ हुई। सुबह के समय हल्की ठंडक महसूस की गई। मौसम केंद्र के अनुसार, आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, हालांकि मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

इससे पहले शनिवार शाम रांची में हल्की बूंदाबांदी हुई थी। वहीं शुक्रवार को दोपहर और शाम के समय राजधानी में अच्छी बारिश दर्ज की गई थी, जिससे मौसम सुहाना हो गया था।

तीन दिनों में 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है तापमान

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ सकता है। अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने का अनुमान है।

रात के तापमान में कमी आने के साथ लोगों को सुबह और देर शाम हल्की ठंड महसूस होने लगेगी। रांची में पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।

शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

तापमान में लगातार आ रही गिरावट को मौसम में ठंड के बढ़ते प्रभाव से जोड़कर देखा जा रहा है।

सुबह कुहासा, दिन में साफ रहेगा आसमान

मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में सुबह के समय कई इलाकों में हल्का कोहरा या कुहासा देखने को मिल सकता है। दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने की संभावना है।

वहीं सुबह और शाम के समय हल्की ठंडी हवाएं चल सकती हैं। तापमान में गिरावट का दौर जारी रहने से झारखंड में धीरे-धीरे गुलाबी ठंड का असर बढ़ने की उम्मीद है।