रांची। झारखंड से मानसून की विदाई भले ही शुरू हो गई है, लेकिन मौसम का मिजाज अभी पूरी तरह शांत नहीं हुआ है। मौसम विभाग ने 6 से 9 अक्टूबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना जताई है। 7 अक्टूबर को वज्रपात और झोंकेदार हवाओं को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वहीं, 10 और 11 अक्टूबर से मौसम में राहत मिलने के आसार हैं।

आज इन जिलों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को रांची, लातेहार, गुमला, गढ़वा, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, साहिबगंज, रामगढ़, हजारीबाग, जमशेदपुर और पलामू समेत कई जिलों में बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जिसकी रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

7 अक्टूबर को वज्रपात का खतरा

7 अक्टूबर को राज्य के कई हिस्सों में वज्रपात के साथ तेज झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी है। 8 और 9 अक्टूबर को भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। पलामू, संताल परगना, कोल्हान और छोटानागपुर के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं।

2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है तापमान

बारिश और बादलों के प्रभाव से राज्य के अधिकतम तापमान में अगले कुछ दिनों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस हो सकती है। रांची में अधिकतम तापमान 28-29 डिग्री और न्यूनतम 20-21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32-33 डिग्री, जबकि धनबाद और बोकारो में 31-32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

10-11 अक्टूबर को मिलेगी राहत

मौसम विभाग के मुताबिक 10 और 11 अक्टूबर को राज्य के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। इन दोनों दिनों में मौसम अपेक्षाकृत शांत रहने और धीरे-धीरे सुधार होने की संभावना है। झारखंड में 3 अक्टूबर से मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है, लेकिन स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण कुछ दिनों तक बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है।

पाकुड़ सबसे गर्म, लातेहार सबसे ठंडा

पिछले 24 घंटों में झारखंड का मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा। इस दौरान पाकुड़ में अधिकतम 35.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रहा। आने वाले दिनों में बारिश के साथ तापमान में गिरावट से मौसम में ठंडक और सुहानेपन का एहसास बढ़ सकता है।