Jhunjhunu Road Construction Accident: राजस्थान के झुंझुनूं जिले के छापोली में सोमवार को सड़क निर्माण के दौरान हुए हादसे में आठ मजदूरों की मौत हो गई। कदम कुंड की ओर जाने वाली सड़क पर काम चल रहा था। इसी दौरान रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आ गई।

मशीन में करंट फैलने से वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में तीन से चार मजदूरों के गंभीर रूप से घायल होने की भी सूचना है।

11 हजार वोल्ट की लाइन से टकराई मशीन

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छापोली में कदम कुंड की ओर जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली लाइन से टकरा गई। मशीन के बिजली लाइन की चपेट में आते ही वहां काम कर रहे मजदूरों को करंट लग गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

घटनास्थल पर जुटे ग्रामीण, कलेक्टर-SP रवाना

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए। झुंझुनूं के जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक भी मौके के लिए रवाना हो गए । प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे की स्थिति और राहत-बचाव कार्यों का जायजा लेंगे।

CM भजनलाल ने दिए जांच और सहायता के निर्देश

हादसे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शोक जताया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घटना की जांच कराने को भी कहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने घटना की जांच कराने, जिम्मेदारी तय करने और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

पढ़ें ये खबरें