जींद। ससुराल की गली में अचानक गोलियां गूंजने लगीं। एक-दो नहीं, बल्कि 6 से 7 राउंड फायरिंग होने का आरोप है। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। देखते ही देखते इलाके में दहशत फैल गई। आरोप है कि इस पूरी घटना को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि सेना में तैनात एक गनर था। मामला जींद के निडानी गांव का है।
घटना 27 अक्टूबर की सुबह की बताई जा रही है। शिकायत के अनुसार, साहिल अपने ससुराल पहुंचा था। वहां पहले उसकी अपने दादा ससुर के साथ कहासुनी हुई। इसके बाद वह गली में निकल गया। आरोप है कि कुछ देर बाद उसने दादी सास से बच्चा छीनने की कोशिश की। जब महिला ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और गोली मारने की धमकी भी दी गई।
शिकायतकर्ता केला देवी के मुताबिक, वह पड़ोसी के मकान में अपने दोहते के साथ बैठी थीं। इसी दौरान साहिल वहां पहुंच गया। आरोप है कि उसने महिला को लात-घूंसों से पीटा और फिर फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर लोग बाहर निकले तो आरोपी गली में हवाई फायरिंग करते हुए वहां से फरार हो गया। हालांकि, इस दौरान बच्चे को उसके कब्जे से छुड़वा लिया गया।
तीन महीने पहले मायके आई थी पत्नी
इस घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। केला देवी के अनुसार, उनकी पोती की शादी साहिल के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल के लोगों पर उसे परेशान करने के आरोप लगे। कथित मारपीट से परेशान होकर महिला करीब तीन महीने पहले अपने तीन साल के बेटे के साथ मायके आ गई थी। दोनों के बीच तलाक का मामला भी चल रहा है।
पिता की लाइसेंसी पिस्तौल से फायरिंग
साहिल करीब छह साल से सेना में गनर के पद पर तैनात है। फिलहाल उसकी पोस्टिंग फरीदकोट में बताई गई है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि वह पिछले तीन महीने से ड्यूटी पर नहीं गया था।
सदर थाना प्रभारी मनीष कुमार के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर साहिल को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया कि फायरिंग के लिए उसके पिता की लाइसेंसी पिस्तौल का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस ने पिस्तौल भी बरामद कर ली है। अब पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
- प्रॉपर्टी टैक्स नहीं चुकाने पर सील हुईं 5 संपत्तियां, ये है पूरा हिसाब
- नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन: 6 लाख की नशीली टैबलेट के साथ 3 आरोपियों को रंगे हाथ दबोचा, बाइक-स्कूटी और मोबाइल जब्त
- यूपी में कक्षा 1 से 8 तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 17 नवंबर से, 21 तक चलेंगी
- शपथ-पत्र के बिना मंदिरों में ध्वजस्तंभ से आगे प्रवेश नहीं! मद्रास हाई कोर्ट ने जनहित याचिका पर दिया अहम फैसला
- MP हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: जमानत अर्जियों की सुनवाई के लिए बनीं 7 विशेष पीठें; जानें कब होगी सुनवाई

