जींद। हरियाणा के जींद जिला जेल में बंद बंदी संदीप की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों में दो पुलिस अधिकारी, एक जेल अधिकारी, एक हवलदार, एक बंदी और दो चिकित्सक शामिल हैं। सभी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, प्रताड़ित करने और अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपों की जांच अभी जारी है।

2 अगस्त को जेल के बाथरूम में मिला था शव

पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त की रात जींद जिला जेल के बाथरूम में बंदी संदीप का शव फंदे से लटका मिला था। घटना के बाद जेल प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद जांच शुरू की गई।

परिजनों ने लगाए प्रताड़ना और इलाज नहीं मिलने के आरोप

संदीप के पिता ने आरोप लगाया कि उनका बेटा पथरी की बीमारी से पीड़ित था और उसका इलाज पीजीआई रोहतक में चल रहा था। जेल में भी उसने इलाज की मांग की थी, लेकिन उसे उचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिली। आरोप है कि जेल अधिकारियों और एक अन्य बंदी ने उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की, जिससे वह परेशान था।

DSP समेत सात लोगों के खिलाफ दर्ज हुई FIR

परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने डीएसपी सुरेंद्र, विक्रम गिल, ईश्वर सिंह (जेल अधिकारी), हवलदार कृष्ण सिसाय, बंदी गोल्डी और दो चिकित्सकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सभी पर आत्महत्या के लिए उकसाने, प्रताड़ित करने और एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस बोली- हर पहलू की होगी जांच

डीएसपी ऋषभ सोढी ने प्रेसवार्ता में बताया कि संदीप पॉक्सो एक्ट के एक मामले में जिला जेल में बंद था। उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लेते हुए सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अब पुलिस जेल के भीतर हुई घटनाओं, इलाज, कथित प्रताड़ना और मौत से पहले की परिस्थितियों की गहन जांच कर रही है।

गांव में हुआ अंतिम संस्कार

संदीप के शव का गुरुवार सुबह लाखनमाजरा गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m