कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा के जींद जिले में जमीन के इंतकाल को लेकर उठे विवाद में तीन राजस्व अधिकारियों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। इनमें तत्कालीन नायब तहसीलदार रणबीर सिंह, कानूनगो सुरेश कुमार और हलका पटवारी रविदत्त शामिल हैं। मामला रजाना खुर्द गांव में जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में कथित गड़बड़ी से जुड़ा है।

इस मामले में कार्रवाई की शुरुआत 25 सितंबर को हुई थी। उस दिन खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम की अध्यक्षता में हुई जिला शिकायत निवारण समिति की बैठक में यह शिकायत उठाई गई थी। मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और जांच के बाद उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

तीन भाइयों की जमीन के इंतकाल पर विवाद

शिकायतकर्ता लाभ सिंह निवासी रजाना खुर्द ने आरोप लगाया कि जमीन को लेकर मामला एसडीएम और कमिश्नर कोर्ट में लंबित था। इस पर रोक भी लगी हुई थी। इसके बावजूद तीन भाइयों में से एक के नाम सड़क के साथ लगती करीब तीन एकड़ जमीन का इंतकाल मंजूर कर दिया गया।

शिकायत में राजस्व रिकॉर्ड में नियमों की अनदेखी किए जाने के आरोप लगाए गए। मामला सामने आने के बाद इसकी जांच पुलिस की इकोनॉमिक्स सेल से कराई गई।

जांच के बाद पिल्लूखेड़ा थाने में केस

जांच के बाद पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने तत्कालीन नायब तहसीलदार रणबीर सिंह, कानूनगो सुरेश कुमार और पटवारी रविदत्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।

प्रकरण में धोखाधड़ी, जालसाजी और भ्रष्टाचार से संबंधित आरोपों की जांच की जा रही है। फिलहाल केस दर्ज होने का मतलब आरोप साबित होना नहीं है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।