Jind SBI Bank Fraud : जींद: सफीदों के एसबीआई बैंक में कैश जमा कराने पहुंची युवती के साथ मदद के बहाने ठगी का मामला सामने आया है। बैंक काउंटर पर मौजूद एक व्यक्ति ने युवती का भरोसा जीता और देखते ही देखते उसके पास जमा कराने के लिए रखी 1.25 लाख रुपये की रकम लेकर वहां से निकल गया। पूरी घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।

जानकारी के अनुसार, गांव मुआना निवासी अमन राणा ने तबीयत खराब होने के कारण अपनी बेटी को बैंक में 1.25 लाख रुपये जमा कराने के लिए भेजा था। युवती बैंक पहुंची और कैश जमा करने का फॉर्म भरने लगी। इसी दौरान काउंटर के पास पहले से खड़ा एक व्यक्ति उसकी मदद करने के बहाने उसके पास पहुंच गया।

आरोपी ने युवती से फॉर्म लिया और उसमें दर्ज खाता नंबर को गलत बताते हुए उसे सुधारने की बात कही। आरोप है कि इसी दौरान उसने खाता नंबर में हेरफेर कर दिया। जब बदला हुआ नंबर कैशियर के सिस्टम में दर्ज किया गया तो वह खाते से मैच नहीं हुआ। पासबुक से मिलान करने पर भी खाता नंबर सही नहीं पाया गया।

इसके बाद आरोपी ने युवती को दोबारा फॉर्म भरने के लिए कहा। युवती फॉर्म भरने में व्यस्त हुई तो आरोपी ने मौका पाकर कैशियर से पासबुक और रकम अपने कब्जे में ले ली। फिर वह पासबुक युवती को वापस देकर नकदी लेकर चुपचाप बैंक से बाहर निकल गया। युवती को जब तक अपने साथ हुई ठगी का पता चला, आरोपी काफी दूर जा चुका था।

सीसीटीवी फुटेज में आरोपी बैंक से निकलने के बाद सामने स्थित पीएनबी शाखा की तरफ जाता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी इससे पहले पीएनबी में भी गया था, लेकिन वहां बात नहीं बनी। इसके बाद उसने एसबीआई में पहुंचकर अकेली युवती को निशाना बनाया।

घटना की सूचना मिलने के बाद बैंक में हड़कंप मच गया। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m