जींद: एक छोटी सी गलती की कीमत एक बच्चे को इतनी भारी पड़ेगी, यह किसी ने नहीं सोचा होगा। जींद की एक अकादमी में पढ़ने वाले बच्चे के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। बच्चे की मां का आरोप है कि अकादमी के एक शिक्षक ने उसे 12 थप्पड़ और 15 कोहनियां मारीं। इससे उसके कान का पर्दा फट गया। दर्द की शिकायत लेकर बच्चा प्रिंसिपल के पास पहुंचा तो वहां भी उसे राहत नहीं मिली। आरोप है कि प्रिंसिपल ने भी उसे दो थप्पड़ मार दिए।

मामला रोहतक रोड स्थित डीएसएल अकादमी का है। बच्चे की मां गुरुग्राम की रहने वाली है। उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा पिछले चार साल से इस अकादमी में पढ़ रहा है। महिला के अनुसार, 6 अक्टूबर को किसी छोटी सी गलती पर दीपक राठौड़ ने उसके बेटे की पिटाई की। आरोप है कि शिक्षक ने बच्चे को 12 थप्पड़ मारे और 15 बार कोहनी से वार किया।

दर्द से परेशान बच्चा प्रिंसिपल के पास पहुंचा

शिकायत के मुताबिक, मारपीट के बाद बच्चे के कान में तेज दर्द होने लगा। वह मदद की उम्मीद में प्रिंसिपल के पास पहुंचा और अपनी परेशानी बताई। लेकिन मां का आरोप है कि प्रिंसिपल ने उसकी तकलीफ समझने के बजाय उसे दो थप्पड़ और मार दिए। इसके बाद दर्द की दवा देकर उसे वापस कक्षा में भेज दिया गया। साथ ही कथित तौर पर चेतावनी दी गई कि अगर वह कक्षा में नहीं गया तो दीपक सर को फोन कर दिया जाएगा।

महिला का आरोप है कि अकादमी प्रबंधन ने शुरुआती दो दिनों तक बच्चे की हालत पर गंभीरता नहीं दिखाई। तीसरे दिन एक अन्य शिक्षक उसे डॉक्टर के पास लेकर गया। डॉक्टर से बातचीत के दौरान पता चला कि बच्चे के कान का पर्दा फट गया है और वहां से खून भी निकल रहा है। शिकायत के अनुसार, डॉक्टर ने ऑपरेशन की जरूरत बताई।

10वीं की मार्कशीट मांगने पर भी विवाद का आरोप

मामले में बच्चे की मां ने अकादमी प्रबंधन पर एक और गंभीर आरोप लगाया है। महिला के अनुसार, जब उसने अपने बेटे की 10वीं कक्षा की मार्कशीट मांगी तो उसके साथ बदतमीजी की गई। उसने डेढ़ लाख रुपये मांगने का आरोप भी लगाया है।

मां की शिकायत के आधार पर जींद शहर थाना पुलिस ने अकादमी संचालक दीपक लाठर और प्रिंसिपल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बच्चे के साथ कथित मारपीट और मार्कशीट को लेकर लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट होगी।