Jind Woman Death Case : जींद। हरियाणा के जींद जिले के कारखाना गांव में 21 वर्षीय विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। करवाचौथ के दिन ईशा ने अपने भाई को पति सोनू और एक अन्य महिला के बीच हुई कथित वॉट्सऐप बातचीत के स्क्रीनशॉट भेजे थे। इसके अगले दिन घर में उसका शव मिला। घटना के बाद मायके पक्ष ने पति और ससुराल के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति सोनू, ससुर बिल्लू और सास कविता के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भाई को भेजे थे बातचीत के स्क्रीनशॉट

ईशा के भाई आशीष के मुताबिक, 29 अक्टूबर को करवाचौथ के दिन उसकी बहन ने उसे पति की एक अन्य महिला के साथ बातचीत के स्क्रीनशॉट भेजे थे। आशीष का दावा है कि बातचीत में सोनू उस महिला से प्यार का इजहार कर रहा था और उसका हालचाल पूछ रहा था।

भाई ने बताया कि उनके पिता हृदय रोग से पीड़ित हैं। इसी वजह से उसने इस बातचीत के बारे में परिवार में किसी को नहीं बताया। बाद में ससुराल पक्ष से फोन आया कि ईशा की मौत हो गई है।

शादी के बाद सामने आई रिश्ते की बात

ईशा की मां ने आरोप लगाया कि सोनू का शादी से पहले ही किसी दूसरी महिला से संबंध था। शादी के बाद उसने ईशा को बताया था कि वह उस महिला से प्यार करता है और यह शादी उसकी मर्जी के खिलाफ हुई है।

परिजनों का आरोप है कि सोनू के माता-पिता को भी इस रिश्ते की जानकारी थी, लेकिन शादी से पहले यह बात उनसे छिपाई गई।

तीन महीने तक मायके में रही थी ईशा

मां के अनुसार, शादी के बाद से ही ईशा परेशान रहती थी और अपनी तकलीफ परिवार को बताती थी। इसी परेशानी के चलते वह करीब तीन महीने तक मायके में भी रही थी।

मां का कहना है कि अगर उन्हें बेटी के साथ ऐसी घटना होने का अंदेशा होता तो वे उसका तलाक करवा देतीं। बेटी की मौत से परिवार सदमे में है।

दिसंबर 2025 में हुई थी शादी

परिजनों के अनुसार, पानीपत के राजा खेड़ी की रहने वाली ईशा की शादी 4 दिसंबर 2025 को जींद के कारखाना गांव निवासी सोनू से हुई थी। सोनू सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा है, जबकि उसके पिता शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं।

परिवार ने ईशा के दो महीने की गर्भवती होने का भी दावा किया है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

सदर थाना प्रभारी सतीश कुमार के मुताबिक, मृतका के भाई की शिकायत पर पति, ससुर और सास के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में शव पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। गर्भवती होने की बात की भी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m