Technology Desk: सोचिए, कोई ग्राहक आपकी दुकान पर आया, कुछ देखा और बिना खरीदारी किए चला गया। आमतौर पर इसके बाद दुकानदार के पास उससे दोबारा जुड़ने का कोई आसान तरीका नहीं होता। रिलायंस जियो अब इसी समस्या का टेक्नोलॉजी से समाधान तलाश रही है।

कंपनी ने दिल्ली में चल रहे India Mobile Congress 2026 में अपनी ‘Jio Smart Shop’ टेक्नोलॉजी का प्रदर्शन किया है। इसका मकसद दुकान को सिर्फ सामान बेचने की जगह नहीं, बल्कि एक ऐसे डिजिटल प्लेटफॉर्म में बदलना है जहां दुकानदार ग्राहक को दुकान पर बुलाने से लेकर उसके दोबारा लौटने तक का सफर मैनेज कर सके।

दुकान से निकलते ही ग्राहक गायब नहीं होगा

Jio Smart Shop का आइडिया काफी सीधा है, ग्राहक को खोजो, दुकान तक लाओ, उससे डिजिटल तौर पर जुड़ो और फिर दोबारा दुकान पर बुलाओ।

इसके जरिए दुकानदार सोशल मीडिया पर ग्राहकों तक पहुंच सकता है। ग्राहक दुकान पर पहुंचने के बाद QR कोड स्कैन करके Wi-Fi से कनेक्ट कर सकता है। इसी प्रक्रिया के जरिए उसे दुकान के ऑफर और डिस्काउंट कूपन WhatsApp पर भेजे जा सकते हैं।

यानी ग्राहक दुकान से निकल गया, लेकिन दुकानदार के साथ उसका डिजिटल कनेक्शन बना रहेगा।

AI की मदद से Instagram पर बनेगा कैटलॉग

हर दुकान का अपना एक कैचमेंट एरिया होता है, यानी आसपास का वह इलाका जहां से उसके ज्यादातर ग्राहक आते हैं। Jio Smart Shop इसी स्थानीय ग्राहक आधार को डिजिटल तरीके से टारगेट करने पर जोर देता है।

जियो के मुताबिक दुकानदार Haptik Solo और AI की मदद से Instagram के लिए कैटलॉग और सोशल मीडिया पोस्ट तैयार कर सकता है। इन पोस्ट के जरिए आसपास के संभावित ग्राहकों तक पहुंच बनाई जा सकती है।

Justdial और Instagram जैसे प्लेटफॉर्म से आने वाले ग्राहकों को दुकान तक लाने की प्रक्रिया को भी इस सिस्टम का हिस्सा बनाया गया है।

QR कोड स्कैन करते ही ग्राहक से कनेक्शन

मान लीजिए आप किसी दुकान पर पहुंचे और वहां लगे QR कोड को स्कैन किया। इसके जरिए Wi-Fi कनेक्शन मिलने के साथ आपको दुकान के ऑफर और डिस्काउंट कूपन WhatsApp पर मिल सकते हैं।

दुकानदार के लिए इसका फायदा यह है कि ग्राहक से डिजिटल तौर पर जुड़ने का एक रास्ता तैयार हो जाता है। बाद में वह ऑफर या प्रमोशन के जरिए ग्राहक को दोबारा दुकान पर बुलाने की कोशिश कर सकता है।

दुकानदार देख सकेगा ग्राहक की पूरी हिस्ट्री

Jio Smart Shop का एक और दिलचस्प हिस्सा इसका डैशबोर्ड है। इसके जरिए दुकानदार यह समझ सकता है कि ग्राहक कब दुकान पर आया, किस आउटलेट पर आया, कितनी देर रुका और वह पहली बार आया है या पहले भी दुकान पर आ चुका है।

अगर किसी दुकानदार की एक से ज्यादा दुकानें हैं तो उनके डेटा को भी एक ही डैशबोर्ड पर देखा जा सकता है।

यानी दुकानदार के लिए सवाल सिर्फ इतना नहीं रहेगा कि ‘ग्राहक आया या नहीं?’, बल्कि वह यह भी समझ सकेगा कि ग्राहक का व्यवहार कैसा रहा।

Jio का फंडा: ग्राहक को रिपीट कस्टमर बनाओ
Jio Smart Shop का पूरा मॉडल कुछ ऐसा है-

ग्राहक तक पहुंचो → उसे दुकान पर लाओ → डिजिटल तरीके से जोड़ो → उसकी विजिट समझो → दोबारा संपर्क करो → रिपीट ग्राहक बनाओ।

यानी दुकान और ग्राहक के बीच रिश्ता सिर्फ बिल बनने तक सीमित न रहे, बल्कि उसके बाद भी जारी रहे।

सिर्फ Wi-Fi नहीं, पूरा डिजिटल रिटेल सिस्टम

जियो इसे केवल Wi-Fi की सुविधा के तौर पर पेश नहीं कर रही है। कंपनी इसे ‘Single Partner, Full Stack’ मॉडल के रूप में दिखा रही है।

इसका मतलब है कि दुकानदार को सोशल मीडिया, ग्राहक जुड़ाव, Wi-Fi, ऑफर, कूपन और ग्राहक डेटा जैसी अलग-अलग जरूरतों के लिए कई टूल और वेंडर इस्तेमाल करने के बजाय एक ही इंटीग्रेटेड सिस्टम मिल सकता है।

अभी डेमो स्टेज में है टेक्नोलॉजी

फिलहाल Jio Smart Shop को डेमो के तौर पर प्रदर्शित किया गया है। यानी इसे बड़े पैमाने पर दुकानदारों के लिए कब और किस कीमत पर उपलब्ध कराया जाएगा, इसकी तस्वीर अभी साफ नहीं है।

लेकिन अगर यह सिस्टम जमीन पर उसी तरह काम करता है जैसा जियो ने डेमो में दिखाया है, तो छोटे और स्थानीय दुकानदारों के लिए यह ग्राहक से जुड़ने का तरीका बदल सकता है।