अनिल मालवीय, सीहोर। मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी रविवार सुबह अपने एक बेहद अनोखे और सियासी अंदाज में सीहोर पहुंचे। जन-जन से जुड़ने और जनता की आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से जीतू पटवारी सुबह लगभग 9:50 बजे अचानक साइकिल चलाते हुए सीहोर की सड़कों पर नजर आए। सीहोर आगमन पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती और शहर अध्यक्ष घनश्याम यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

ये भी पढ़ें: MP में मुख्य चुनाव आयुक्त: ओंकारेश्वर में सपत्नीक किया ज्योतिर्लिंग का अभिषेक, बोले- “लोकतंत्र पर बनी रहे बाबा की कृपा”

चिंतामन गणेश मंदिर में पूजा और सरकार पर तीखे बाण

सीहोर पहुंचते ही जीतू पटवारी सबसे पहले प्रसिद्ध प्राचीन चिंतामन गणेश मंदिर गए। वहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। मंदिर से बाहर निकलते ही उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा सरकार पर तीखे राजनीतिक हमले किए।

पटवारी ने प्रदेश में फैले कथित भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में आज अद्भुत और अकल्पनीय भ्रष्टाचार का बोलबाला है। यह सरकार ‘अलीबाबा चालीस चोर’ की सरकार बनकर रह गई है। अयोध्या के जमीन घोटालों से लेकर महाकाल लोक में हुई लूट के गंभीर सवालों पर सूबे के मुख्यमंत्री पूरी तरह मौन साधे हुए हैं। यहां तक कि अयोध्या श्री राम मंदिर में चढ़ावा चोरी होना खुला भ्रष्टाचार है, जिस पर सरकार जवाब नहीं दे रही।

‘KG से PG तक मुफ्त शिक्षा’ के लिए कांग्रेस का महा-अभियान

जीतू पटवारी ने राहुल गांधी की सोच को आगे बढ़ाते हुए मध्य प्रदेश में एक नए क्रांतिकारी अभियान की घोषणा की। उन्होंने बताया कि आगामी 14 और 15 तारीख को कांग्रेस पूरे मध्य प्रदेश में एक बड़े जनहितैषी आंदोलन के साथ मैदान में उतर रही है।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य हर बच्चे के लिए सुरक्षित और उच्च स्तरीय शिक्षा सुनिश्चित करना है। कांग्रेस का संकल्प है कि केजी (KG) से लेकर पीजी (PG) तक की शिक्षा पूरी तरह मुफ्त हो, चाहे वह बच्चा गरीब हो या अमीर, किसी भी जाति या धर्म का हो।

ये भी पढ़ें: आधी रात एक ही गाड़ी में सवार होकर रिंगोल गांव पहुंचे जिले के सभी बड़े अफसर… जानिए क्या था पूरा मामला?

“दतिया में जनता बदलाव के लिए तैयार”

अपने हालिया दतिया दौरे का अनुभव साझा करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि वहां की जनता में भाजपा शासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोग अब इस कुशासन का बदला लेने का मन बना चुके हैं, जिससे यह साफ है कि आगामी चुनाव में दतिया से कांग्रेस शत-प्रतिशत ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m