कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। EXCLUSIVE: मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पूर्व मंत्री इमरती देवी की शिकायत पर दर्ज एससी-एसटी एक्ट के मामले में अब मध्य प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने सख्त रुख अपना लिया है। आयोग के अध्यक्ष डॉ कैलाश जाटव ने ग्वालियर पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए जीतू पटवारी को तत्काल तामील कराने और मामले में कार्रवाई तेज करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।
ये है पूरा मामला
दरअसल, यह पूरा मामला लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान दिए गए एक विवादित बयान से जुड़ा है। 2 मई 2024 को मीडिया से चर्चा के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पूर्व मंत्री इमरती देवी को लेकर कथित तौर पर कहा था कि “इमरती जी का अब रस खत्म हो गया, अंदर जो चाशनी होती है।” इस बयान को इमरती देवी ने अपमानजनक और अमर्यादित बताते हुए 3 मई 2024 को ग्वालियर के डबरा सिटी थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी।
ये भी पढ़ें: दतिया उपचुनाव 2026: BJP पहुंची चुनाव आयोग, जीतू पटवारी के खिलाफ की शिकायत, वहां एंट्री और प्रचार पर बैन लगाने की मांग
इमरती देवी ने लगाए थे ये आरोप
इमरती देवी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि जीतू पटवारी ने न केवल उनका सार्वजनिक रूप से अपमान किया, बल्कि अनुसूचित जाति की महिला होने के कारण उनकी गरिमा को भी ठेस पहुंचाई। इसी आधार पर डबरा सिटी थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था।
आयोग ने मांगी स्टेटस रिपोर्ट
एमपी राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ कैलाश जाटव की ओर से आज जब एसपी ऑफिस कंट्रोल रूम में बैठक ली गयी। तो SC-ST एक्ट से जुड़े मामलों की समीक्षा और राहत राशि वितरण का स्टेटस चेक किया। इस दौरान जब इमरती देवी से जुड़े मामले पर गौर किया तो इस प्रकरण की स्टेटस रिपोर्ट मांगी। रिपोर्ट देखने के बाद डॉ जाटव ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और कहा कि एससी-एसटी एक्ट से जुड़े मामलों में इस तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
ये भी पढ़ें: PCC चीफ जीतू के दूसरे भाई भरत पटवारी से 5 घंटे पूछताछ: प्लॉट फर्जीवाड़े और वित्तीय लेन-देन की जांच तेज
दतिया उपचुनाव के बीच बढ़ेंगी मुश्किलें
डॉ कैलाश जाटव ने कहा कि पुलिस का यह कहना उचित नहीं है कि जीतू पटवारी नहीं मिल रहे हैं, जबकि वे इन दिनों दतिया विधानसभा उपचुनाव में लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अगले ही दिन जीतू पटवारी को तामील कराया जाए और इस मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाए। वहीं मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आयोग के अध्यक्ष से मिले निर्देशों के आधार पर आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अनुसूचित जाति आयोग अध्यक्ष के सख्त निर्देशों के बाद अब निगाहें ग्वालियर पुलिस की अगली कार्रवाई पर हैं। यदि आयोग के निर्देशों के अनुसार कार्रवाई आगे बढ़ती है, तो दतिया उपचुनाव के बीच कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की राजनीतिक और कानूनी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


