शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच सियासत पूरी तरह गरमा गई है। बीजेपी द्वारा तीसरा उम्मीदवार मैदान में उतारे जाने के बाद कांग्रेस को ‘हॉर्स ट्रेडिंग’ (विधायकों की खरीद-फरोख्त) का डर सताने लगा है। इस बीच, मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बीजेपी पर भ्रष्टाचार, पिछड़ा वर्ग (OBC) विरोधी और महिला विरोधी होने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, विधायकों की शिफ्टिंग (अन्य जगह भेजने) के सवाल पर उन्होंने पूरी तरह चुप्पी साध ली।

अली बाबा 40 चोर की सरकार

जीतू पटवारी ने प्रदेश की जनता को संबोधित करते हुए कहा, मैं मध्य प्रदेश की 8 करोड़ जनता से आग्रह करना चाहता हूं। मैं जब बार-बार कहता हूं कि भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश की जड़ों में भ्रष्टाचार डाल दिया है, तो वह बात अब सिद्ध हो रही है। यह ‘अली बाबा 40 चोर’ की सरकार है। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें केवल तीन ही बातें आती हैं-पहला करप्शन (भष्टाचार) करना, दूसरा विज्ञापन देना और तीसरा केवल गालियां देना।

OBC और महिला विरोधी चेहरा हुआ बेनकाब

पटवारी ने बीजेपी के तीसरे उम्मीदवार के चयन पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र की मूल मर्यादा को ताक पर रखकर, 10 विधायक कम होने के बावजूद बीजेपी ने एक ओबीसी (केवट परिवार) के व्यक्ति को तीसरे नंबर पर खड़ा किया है। उन्होंने बीजेपी के चाल, चरित्र और चेहरे पर सवाल उठाते हुए कहा- हारने के लिए बनाया उम्मीदवार। अगर बीजेपी को ओबीसी वर्ग के साथी को ही आगे बढ़ाना था, तो उन्हें पहले नंबर पर क्यों नहीं रखा? पहले नंबर पर तो वे पंजाब के व्यक्ति को लेकर आए और उन्हें कैंडिडेट बना दिया।

इसका सीधा मतलब है कि बीजेपी को न तो ओबीसी को 27% आरक्षण देना है और न ही उन्हें जिताना है। उन्होंने ओबीसी उम्मीदवार को तीसरे नंबर पर सिर्फ हारने के लिए खड़ा किया है। जीतू पटवारी ने कहा कि बीजेपी का यह कदम पूरी तरह महिला विरोधी है। यह चुनाव उस महिला उम्मीदवार के खिलाफ लड़ा जा रहा है, जिसे लेकर ये लगातार विवाद कर रहे थे। 50% महिला आरक्षण की बात करने वाली बीजेपी का असली चेहरा अब बेनकाब हो चुका है।

विधायकों को लिखा पत्र, एकजुट रहने की अपील

अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कांग्रेस विधायकों को एक पत्र भी जारी किया है। इस पत्र में उन्होंने विधायकों को एकजुट रहने की हिदायत दी है। साथ ही, मध्य प्रदेश के लोगों के लिए मौजूदा राजनीतिक स्थिति और देश में जनता के मूल अधिकारों को बचाने में कांग्रेस के दायित्व का जिक्र किया है। उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस का राज्यसभा कैंडिडेट जरूर बनेगा और पार्टी जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए मुस्तैदी से खड़ी रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m