कुंदन कुमार, पटना। बिहार में लंबे समय से अटकी बहाली प्रक्रियाओं को लेकर अभ्यर्थियों में लगातार नाराजगी देखने को मिल रही है। कुछ इसी तरह का नजारा आज बुधवार (2, सितंबर) जदयू कार्यालय के बाहर भी देखने को मिला, जहां सैकड़ों की संख्या में जीविका अभ्यर्थी जदयू कार्यालय पहुंचे। ये अभ्यर्थी जदयू नेता और बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार से मिलने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान जदयू कार्यलाय में ताला लगा दिया गया, जिससे अभ्यर्थी भड़क उठे और नारेबाजी करना शुरू कर दिया।
बहाली की मांग कर रहे हैं क्वालीफाई अभ्यर्थी
आपको बता दें कि जो जीविका अभ्यर्थी जदयू कार्यालय के बाहर पहुंचे हैं, उन्होंने जीविका के विभिन्न पदों के लिए परीक्षा दिया हुआ है और वे क्वालीफाई हैं। लेकिन अभी तक उनकी बहाली नहीं हो पाई है। हंगामा कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि सीटें खाली होने के बाद भी उनकी बहाली नहीं की जा रही है।
एक अभ्यर्थी राजेश कुमार ने लल्लूराम डॉट कॉम से बात करते हुए कहा कि, कई महीने से हम लोग सरकार से मांग कर रहे हैं कि हम लोगों की बहाली की जाए। लेकिन विभागीय अधिकारी कुछ नहीं कह रहे हैं और ऐसे में मंत्री (श्रवण कुमार) से मिलना ही एक उपाय है।
नाराज अभ्यर्थियों ने की नारेबाजी
जदयू कार्यालय में एंट्री नहीं मिलने से नाराज अभ्यर्थियों ने नारेबाजी करना शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ता देख कुछ देर के बाद पार्टी कार्यालय के प्रभारी ने उनसे मुलाकात की और उनकी मांग पत्र को लेकर उसे मंत्री तक बात पहुंचाने का आश्वासन दिया। ऐसे में अब देखना यह है कि मंत्री महोदय अभ्यर्थियों की मांग पर कितना अमल करते हैं या फिर अभ्यर्थी को सड़क पर उतर अपने मांग के लिए प्रदर्शन करना पड़ता है? यह आने वाला समय बताएगा।
कल शिक्षा मंत्री के आवास का हुआ था घेराव
कल मंगलवार को CTET के अपीयरिंग अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के आवास का घेराव किया था। सीटेट अभ्यर्थियों की यह मांग थी कि उन्हें भी STET (राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा) पास उम्मीदवारों की तरह BPSC TRE-4 भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने और आवेदन करने का अवसर दिया जाए। आवास का घेराव कर रहे अभ्यर्थियों का कहना था कि, जिस प्रकार TRE-1.0 में CTET अपीयरिंग को मौका मिला था और हाल ही में STET अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है। वही नीति CTET अभ्यर्थियों के लिए भी अपनाई जाए। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने उनसे मुलाकात की और उनकी मांगों को लेकर आश्वासन दिया।
ये भी पढ़ें- बिहार में जल्द खुलेगा राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय का नया कैंपस, युवा कलाकारों को मिलेगा बेहतर मंच



