JLN Hospital Ajmer: अजमेर के जेएलएन अस्पताल के पीडियाट्रिक विभाग की पीआईसीयू में भर्ती चार महीने की बच्ची की मां से कथित बैड टच का मामला सामने आया है। आरोप है कि शनिवार तड़के करीब 3 बजे रात्रिकालीन ड्यूटी पर तैनात रेजीडेंट डॉक्टर शुभम ने बच्ची के बेड पर महिला के साथ अनुचित व्यवहार किया और जांच के बहाने उसे अपने साथ चलने के लिए कहा। परिजन की लिखित शिकायत और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद अस्पताल प्रशासन ने प्रथम दृष्टया आरोप की पुष्टि बताते हुए डॉक्टर को निलंबित कर दिया। देर रात परिजन की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना पुलिस ने भी मामला दर्ज किया है।

मामला जेएलएन मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पताल की नई बिल्डिंग स्थित पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट यानी PICU का है। चार महीने की बच्ची निमोनिया के इलाज के लिए भर्ती थी और उसकी मां उसके साथ बेड पर मौजूद थी। शिकायत के बाद अस्पताल में जांच कमेटी गठित की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल परिसर में पुलिस जाप्ता भी तैनात किया गया।
जांच के बहाने महिला को बाहर बुलाने का आरोप
पीड़िता के पति के अनुसार, रात करीब 3 बजे डॉक्टर ने उसकी पत्नी के साथ बैड टच किया और कहा कि सुबह एक जांच होगी, जिसमें करीब एक घंटा लगेगा और उसे डॉक्टर के साथ जाना होगा।
शिकायत के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे रेजीडेंट डॉक्टर शुभम दोबारा बेड के पास पहुंचा और महिला को बाहर आने का इशारा किया। जब महिला ने कहा कि उसकी मां बाहर है और उन्हें जानकारी दे दी जाए, तो डॉक्टर ने कथित तौर पर कहा कि उन्हें नहीं बताना है।
इसके बाद महिला को हॉल में ले जाकर कुछ देर बात की गई। फिर डॉक्टर शीशे के गेट से बाहर पोर्च में गया और महिला से बात करते हुए उसे जांच का हवाला देकर बाहर ले जाने का प्रयास किया। महिला वापस बच्ची के बेड के पास आ गई और अपने पति को पूरी घटना बताई।
शिकायत के बाद जांच कमेटी गठित
महिला के पति ने परिजनों के साथ अस्पताल प्रशासन को लिखित शिकायत दी और डॉक्टर को तत्काल हटाने की मांग की। इसके बाद अस्पताल अधीक्षक डॉ. अरविंद खरे ने जांच कमेटी गठित की।
कमेटी में वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. संजीव माहेश्वरी, बीना ठाडा और कल्पना अग्रवाल को शामिल किया गया। पीड़िता से महिला चिकित्सकों ने भी बातचीत की और घटना की जानकारी ली।
CCTV फुटेज में भी दर्ज हुआ घटनाक्रम
अस्पताल प्रशासन के अनुसार मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। अधीक्षक डॉ. अरविंद खरे ने बताया कि फुटेज में महिला की ओर से लगाए गए आरोप की प्रथम दृष्टया पुष्टि हुई।
इसके बाद अस्पताल अधीक्षक ने पीआईसीयू में रात्रिकालीन ड्यूटी पर तैनात प्रथम वर्ष के रेजीडेंट डॉक्टर शुभम को तत्काल निलंबित करने की अनुशंसा करते हुए जेएलएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को पत्र भेजा। प्राचार्य ने डॉक्टर को निलंबित कर दिया।
देर रात पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल परिसर और अधीक्षक कार्यालय के आसपास परिजनों एवं युवकों की भीड़ पहुंच गई। स्थिति को देखते हुए कोतवाली थाना पुलिस, महिला पुलिस की कालिका टीम और कंट्रोल रूम से अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया।
देर रात पीड़िता के परिजन की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना पुलिस ने रेजीडेंट डॉक्टर शुभम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। मामले की जांच अब पुलिस और अस्पताल प्रशासन दोनों स्तर पर चल रही है।
अस्पताल अधीक्षक ने क्या कहा?
जेएलएन अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अरविंद खरे के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद जांच कमेटी बनाई गई और सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। उन्होंने बताया कि फुटेज में आरोप की प्रथम दृष्टया पुष्टि होने के बाद रेजीडेंट डॉक्टर शुभम को निलंबित कर दिया गया।
पढ़ें ये खबरें
- पाकिस्तानी प्रोफेसर का जिन्न से बिजली बनाने वाला दावा, भारतीय सैन्य अधिकारी ने कसा तंज, बोले- “लगता है दिमाग पर भी कब्जा हो गया है”
- Chhattisgarh : NH-30 पर ट्रक ड्राइवरों का चक्काजाम, चेकिंग के दौरान RTO पर बदसलूकी का आरोप
- LPG ग्राहक ध्यान दें! आज खत्म हो रही e-KYC की डेडलाइन, मोबाइल से ऐसे करें Aadhaar Verification
- MP बोर्ड की फीस वृद्धि पर राजनीति: कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने उठाए सवाल, आदेश वापस लेने की मांग
- यमुनानगर में खंभे से टकराकर कार में लगी भीषण आग, दरवाजा खुला होने से चालक ने बचाई जान
