जमशेदपुर। खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम-2026 के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने आंदोलन की तैयारियां तेज कर दी हैं। पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की बैठक बिष्टुपुर स्थित सर्किट हाउस सभागार में जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन की अध्यक्षता में हुई, जिसमें आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बूथ स्तर तक चलेगा जनजागरण अभियान

केंद्रीय कार्यसमिति के निर्देश पर झामुमो ने तय किया है कि 31 अगस्त तक बूथ स्तर पर व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता लोगों को संशोधित खनिज कानून के प्रावधानों और उसके संभावित प्रभावों की जानकारी देंगे।

7 सितंबर को 11 प्रखंडों में धरना

जनजागरण अभियान के बाद 7 सितंबर को जिले के सभी 11 प्रखंड कार्यालयों और चार अधिसूचित नगर प्राधिकरणों (NAAC) में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।

पार्टी ने आंदोलन को प्रभावी बनाने के लिए प्रखंड, पंचायत, नगर और शाखा समितियों के बीच समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी पदाधिकारियों को सौंपी है।

पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचेंगे कार्यकर्ता

झामुमो ने कार्यकर्ताओं से आंदोलन में पारंपरिक वेशभूषा और तीर-धनुष जैसे पारंपरिक प्रतीकों के साथ शामिल होने का आह्वान किया है। प्रदर्शन में महिला नेत्रियों, झारखंड आंदोलनकारियों, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों और समान विचारधारा वाले संगठनों की भागीदारी भी सुनिश्चित करने की तैयारी है।

विधायकों ने लिया तैयारियों का जायजा

बैठक में बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती और जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने सांगठनिक तैयारियों की समीक्षा की। दोनों नेताओं ने आंदोलन को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

केंद्रीय और जिला पदाधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। बैठक में गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजू गिरी, पूर्व सांसद सुमन महतो, जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, जिला सचिव रतन महतो समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।