Jobner Road Accident: राजस्थान के जोबनेर में शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। जोबनेर-आसलपुर महलां सड़क मार्ग पर श्री सीमेंट फैक्ट्री के पास केरियानाडा के नजदीक एक निजी स्कूल की बाल वाहिनी और स्कॉर्पियो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गए। हादसे में स्कूल बस में सवार करीब डेढ़ दर्जन छात्र-छात्राएं घायल हो गए। इनमें 8 से 9 बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है।

टक्कर के बाद सड़क पर पलट गई स्कूल बस
हादसे के समय स्कूल बस में बड़ी संख्या में बच्चे सवार थे। स्कॉर्पियो से टक्कर के बाद बस सड़क पर पलट गई। बस में सवार कई बच्चे घायल हो गए और कुछ बच्चे वाहन में फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस और एंबुलेंस को भी सूचना दी गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला गया।
8 से 9 बच्चों को जयपुर किया रेफर
घायल छात्र-छात्राओं को एंबुलेंस की मदद से जोबनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। गंभीर रूप से घायल 8 से 9 बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है। स्कॉर्पियो में सवार लोग चित्तौड़ से खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे में उन्हें भी चोटें आई हैं, हालांकि उनकी चोटें मामूली बताई जा रही हैं।
हादसे के बाद सड़क पर लगा लंबा जाम
दुर्घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के कारण जोबनेर-महला मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही जोबनेर थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करवाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। इसके बाद यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई भी शुरू की गई।
घायल बच्चों के नाम सामने आए
हादसे में घायल बच्चों में पायल, अर्चना, तनिष्क, रोशन तंवर, विशाल, सिमरन, सीमा, तनु, निकिता, लक्षिता, कल्पना, प्रिंस, कौशल, भूमिका, अर्चना, मीनाक्षी, सिमरन और सुमित सहित अन्य छात्र-छात्राओं के नाम सामने आए हैं। फिलहाल सभी घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर स्कॉर्पियो के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है।
पढ़ें ये खबरें
- राशन कार्डधारियों को सितंबर-अक्टूबर का एक साथ मिलेगा चावल, जानें कब तक कर सकेंगे उठाव
- हाईकोर्ट ने जिला शिक्षा अधिकारी की नियुक्ति पर लगी रोक हटाई, याचिकाकर्ताओं ने वापस लिया केस, जानिए क्या है मामला
- सागर की जहरीली शराब त्रासदी के बाद महिलाओं का गुस्सा फूटा! शिवपुरी में शराब दुकान पर बोला धावा, बोतलें बाहर फेंककर लगाई आग
- अपराधियों को सजा में देरी नहीं! मुख्य सचिव ने अफसरों को दिया समयबद्ध कार्रवाई का अल्टीमेटम
- भ्रष्टाचार के हदें पार: ताश के पत्तों की तरह ढहा पुल, टला बड़ा हादसा


