Jodhpur Fire Accident: बासनी केमिकल फैक्ट्री अग्निकांड में गंभीर रूप से झुलसे छह दमकलकर्मियों को गुरुवार को जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया। सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. फतेह सिंह भाटी के अनुसार, छह दमकलकर्मी 60 से 95 प्रतिशत तक झुलसे हैं और इनमें तीन वेंटिलेटर पर हैं। बेहतर इलाज के लिए छह एंबुलेंस को ग्रीन कॉरिडोर के जरिए जयपुर भेजा गया। हर एंबुलेंस में नर्सिंग स्टाफ और जीवन रक्षक उपकरण भी रखे गए।

छह एंबुलेंस के लिए बनाया गया ग्रीन कॉरिडोर
जोधपुर के एमजीएच से छह गंभीर दमकलकर्मियों को जयपुर भेजने की तैयारी के दौरान प्रशासन ने ग्रीन कॉरिडोर बनाया। घायलों के साथ उनके परिजन भी जयपुर रवाना हुए। जयपुर भेजे गए दमकलकर्मियों में जोगाराम, अविनाश, प्रेम तंबोली, मोहम्मद हनीफ, आसिफ खान और प्रकाश शामिल हैं। अस्पताल अधीक्षक ने बताया कि लंबा सफर होने के कारण एंबुलेंस में मेडिकल स्टाफ और जरूरी जीवन रक्षक उपकरण लगाए गए, ताकि रास्ते में इलाज में किसी तरह की परेशानी न हो।
13 दमकलकर्मियों का चल रहा था इलाज
बासनी की केमिकल फैक्ट्री में बुधवार शाम आग बुझाते समय केमिकल से भरे ड्रम में धमाका हो गया था। इसकी चपेट में आने से दमकलकर्मी झुलस गए थे। शुरुआती रिपोर्टों में घायलों की संख्या 13 से 14 बताई गई थी। बाद में प्रशासन की ओर से 14 दमकलकर्मियों के घायल होने की जानकारी दी गई। हादसे के बाद घायलों को पहले एम्स जोधपुर ले जाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एमजीएच की बर्न यूनिट में शिफ्ट किया गया।
अब छह गंभीर मरीजों को जयपुर भेजा गया है। जोधपुर में भर्ती सात अन्य दमकलकर्मियों में से भी तीन वेंटिलेटर पर हैं। बाकी चार में दो करीब 50 प्रतिशत तक झुलसे हैं। घायल दमकलकर्मियों के ज्यादातर परिजन अस्पताल में मौजूद हैं। कई परिवारों के छोटे बच्चे भी अस्पताल परिसर में अपने परिजनों का इंतजार करते दिखाई दिए।
डॉक्टर बोले- संक्रमण का खतरा ज्यादा
डॉ. फतेह सिंह भाटी ने बताया कि गंभीर रूप से झुलसे मरीजों में संक्रमण का खतरा काफी ज्यादा रहता है। ऐसे मरीजों के लिए अस्पताल में संक्रमण से बचाव को लेकर विशेष सावधानी बरती जा रही है। डॉक्टरों ने लोगों से मरीजों से मिलने के लिए भीड़ नहीं लगाने की सलाह दी है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, कम लोगों का मरीजों के संपर्क में आना संक्रमण के जोखिम को कम करने में मदद करता है।
विधायक अतुल भंसाली और प्रसन्नचंद मेहता भी अस्पताल पहुंचे
छह दमकलकर्मियों को जयपुर भेजे जाने के दौरान शहर विधायक अतुल भंसाली और भाजपा के पूर्व महापौर प्रत्याशी प्रसन्नचंद मेहता भी अस्पताल में मौजूद रहे। उन्होंने घायलों के इलाज और उन्हें जयपुर भेजने की व्यवस्था की जानकारी ली।
फैक्ट्री मालिक नहीं मिला, बेटा हिरासत में
हादसे के मामले में बासनी थाना पुलिस ने फैक्ट्री मालिक के बेटे स्पर्श अग्रवाल को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक फैक्ट्री मालिक राजेंद्र अग्रवाल नहीं मिले, जिसके बाद उनके बेटे को हिरासत में लिया गया। थानाधिकारी नितिन दवे के अनुसार, नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी जलज घसिया की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। रिपोर्ट में फैक्ट्री में बिना लाइसेंस के केमिकल रखने और अवैध रूप से संचालन के आरोप लगाए गए हैं। फायर एनओसी और जरूरी अग्निशमन उपकरणों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। पुलिस ने Explosives Rules, 2008 और Petroleum Act के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आग बुझाते समय हुआ था केमिकल ड्रम में धमाका
बासनी औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्री में बुधवार देर शाम आग लगी थी। दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे थे। इसी दौरान आग लगभग काबू में आने के बाद केमिकल से भरे ड्रम में जोरदार धमाका हुआ और आग फिर भड़क गई। धमाके की चपेट में आकर वहां मौजूद दमकलकर्मी झुलस गए। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की व्यवस्था की गई।
पढ़ें ये खबरें
- आस्था कुंज गैंगरेप केस: तीनों आरोपित 14 दिन की न्यायिक हिरासत में, सबूत मिटाने की कोशिश का आरोप
- राजकोट-मोरबी हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: लोक गायिका मीरा आहिर के इकलौते भाई समेत 2 की मौत
- ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम में युवाओं ने चिराग से किया सीधा संवाद, पेपर लीक से रोजगार तक हुई चर्चा
- दूसरी शादी के बाद खुद को बताया विधवा, सरकारी नौकरी का आरोप; पति ने FIR में लगाए कई आरोप
- देवभूमि में उतरेगा देवलोक: हरिद्वार अर्धकुंभ के लिए तैयार हो रहे अनोखे ‘संस्कृति द्वार’, जानिए क्या होगा इनमें खास


